सोमवार, 19 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: दुर्गा पूजा पंडालों और रामलीला मेले में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दुर्गा पूजा पंडालों और रामलीला मेले में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने गौर सिटी-2, भराई मैदान और पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी का किया निरीक्षण, महिला सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर दिया जोर

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। शारदीय नवरात्र और रामलीला आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट सतर्क है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने पुलिस बल के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने थाना बिसरख क्षेत्र के गौर सिटी-2 में आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। इसके बाद थाना सूरजपुर क्षेत्र के भराई मैदान में आयोजित रामलीला मेला स्थल तथा पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में स्थापित दुर्गा पूजा पंडाल का भी भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजन स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

भीड़ प्रबंधन और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। भीड़ को नियंत्रित रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस की सतर्क मौजूदगी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मी पूरी तरह सतर्क रहें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

आयोजन समितियों और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

डीसीपी ने आयोजन समितियों और कार्यक्रमों में मौजूद श्रद्धालुओं से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस का उद्देश्य दुर्गा पूजा, रामलीला और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।।