रविवार, 11 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा स्टेडियम की रामलीला में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने किया निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा स्टेडियम की रामलीला में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने किया निरीक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अलर्ट, रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ की बैठक

दो टूक//नोएडा। नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट सतर्क है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा ने पुलिस बल के साथ नोएडा स्टेडियम स्थित रामलीला स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लेते हुए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने रामलीला स्थल पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही एडीसीपी ने संभ्रांत नागरिकों और रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी से पर्व के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी परिस्थिति में शांति एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावित न होने देने में सहयोग की अपील की।

आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं पर्व

एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने कहा कि नवरात्रि और दशहरा भारतीय संस्कृति एवं परंपरा से जुड़े महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन्हें आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने नागरिकों और रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने तथा कानून-व्यवस्था एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखने के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य है कि नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हों और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकें।।