गौतमबुद्धनगर: नोएडा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया नवनिर्वाचित कार्याध्यक्ष इमरान मसूद का भव्य स्वागत, संगठन को मजबूती मिलने की जताई उम्मीद!!
सेक्टर-125 में निजी कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस सांसद, सतेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन
दो टूक//नोएडा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनिर्वाचित कार्याध्यक्ष एवं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद बुधवार को नोएडा के सेक्टर-125 स्थित एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान नोएडा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर सतेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। कांग्रेस नेताओं ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर नए दायित्व की बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि इमरान मसूद को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्याध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इमरान मसूद का राजनीतिक अनुभव, संघर्षशील नेतृत्व और जनहित से जुड़े मुद्दों पर मुखरता पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी साबित होगा। उनके नेतृत्व में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आम जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने में मदद मिलेगी।
प्रदेश सदस्य यतेन्द्र शर्मा ने कहा कि इमरान मसूद को कार्याध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना पार्टी संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उनके अनुभव और सक्रिय राजनीतिक भूमिका से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी और पार्टी जनहित के मुद्दों को और मजबूती के साथ उठाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, युवाओं, मजदूरों और समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना, संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को सम्मान देना कांग्रेसजनों की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को उठाकर उनके समाधान के लिए संघर्ष किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इमरान मसूद का स्वागत करते हुए उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर एवं नोएडा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतेन्द्र शर्मा, अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय सचिव लियाकत चौधरी, प्रदेश सदस्य यतेन्द्र शर्मा, महासचिव दयाशंकर पांडेय सहित कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभी कांग्रेसजनों ने उम्मीद जताई कि इमरान मसूद के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन को नई दिशा मिलेगी तथा कांग्रेस आम जनता से जुड़े मुद्दों पर अपनी भूमिका को और प्रभावी बनाएगी।
