मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, आयुष्मान पोर्टल होगा शुरू!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, आयुष्मान पोर्टल होगा शुरू!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पोर्टल को गो-लाइव करने की दी सहमति, एक सप्ताह में पत्रकारों का विवरण अपलोड करने के निर्देश

दो टूक//लखनऊ/गौतमबुद्धनगर, 27 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत पत्रकारों को आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए विकसित किए गए नए पोर्टल को शुरू करने की सहमति मिल गई है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनका विवरण एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड कर सभी औपचारिकताएं पूरी की जाएं।

सूचना निदेशालय के सभागार में मंगलवार को सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में इस संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तैयार किए गए नवीन पोर्टल की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। चर्चा के बाद सूचना निदेशक ने पोर्टल को गो-लाइव करने की सहमति प्रदान की।

लाइव डेमो के जरिए समझाई गई आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया

बैठक के दौरान स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली और आवेदन से लेकर आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करने तक की पूरी प्रक्रिया का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। इसमें आवेदन करने, पात्रता एवं विवरण के सत्यापन और कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सूचना निदेशालय मुख्यालय के साथ ही प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

एक सप्ताह में पूरी करनी होंगी सभी औपचारिकताएं

सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को पत्रकारों के लिए सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकार और उनके परिजन इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों तथा उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनके आवेदन से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर एक सप्ताह के भीतर उनका विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि इस कार्य की प्रगति से मुख्यालय को अवगत कराया जाए, ताकि मुख्यालय स्तर से आगे की कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी कराई जा सके। सूचना निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।

पत्रकारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पहुंचाने पर जोर

इस पहल का उद्देश्य मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के समय कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आसान बनाना है। नए पोर्टल के संचालन और जिला स्तर पर विवरण अपलोड किए जाने से पात्र पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।

बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।