गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026

अम्बेडकरनगर :छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में प्रधानाध्यापक पर मुकदमा दर्ज।।||Ambedkar Nagar:A case has been filed against the headmaster for molesting a student.||

शेयर करें:
अम्बेडकरनगर :
छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में प्रधानाध्यापक पर मुकदमा दर्ज।।
●जलालपुर के प्राथमिक विद्यालय का है मामला।
।संवाददाता: ए के चतुर्वेदी।
दो टूक : अम्बेडकरनगर जनपद के जलालपुर शिक्षा क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा के साथ कथित अश्लील हरकत और छेड़छाड़ के मामले में प्रधानाध्यापक संतोष कुमार दूबे के खिलाफ मालीपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। वहीं, प्रकरण की विभागीय जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार कथित घटना 10 अक्टूबर की  बताया जा रहा है। आरोप है कि विद्यालय में प्रधानाध्यापक ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ की थी। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद छात्रा की मां ने मालीपुर थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
मालीपुर थानाध्यक्ष तनुज पाल ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
●बीएसए ने गठित की जांच समिति।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने विभागीय जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी अकबरपुर, कटेहरी और टांडा की तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
●बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि।
विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मामले में पुलिस की जांच और विभागीय समिति की रिपोर्ट पर सभी की निगाहें है आखिर सच क्या है। फिलहाल, प्रधानाध्यापक पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।