गौतमबुद्धनगर: किसानों को राहत दिलाने के लिए अशोक चौहान की पहल, नोएडा प्राधिकरण का रिकॉर्ड रूम और ऑनलाइन केंद्र सेक्टर-96 में शिफ्ट करने की मांग!!
ग्राम विकास संगठन ने एसीईओ वंदना त्रिपाठी को सौंपा ज्ञापन, सेक्टर-6 आने-जाने की परेशानी और अतिरिक्त आर्थिक बोझ से मिलेगी राहत
दो टूक//नोएडा, 27 अक्टूबर। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन को सेक्टर-96 में स्थानांतरित किए जाने के बावजूद रिकॉर्ड रूम और दस्तावेजों को ऑनलाइन कराने का केंद्र अब भी सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में संचालित हो रहा है। इसके कारण किसानों और आम लोगों को अपने काम कराने के लिए अलग-अलग स्थानों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए ग्राम विकास संगठन नोएडा ने दोनों विभागों को सेक्टर-96 स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन में स्थानांतरित करने की मांग उठाई है।
मंगलवार को ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डीपी चौहान के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी को मुख्य कार्यपालक अधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों और आम जनता को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की गई।
ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी को बताया कि नोएडा प्राधिकरण का मुख्य प्रशासनिक कार्यालय पहले सेक्टर-6 में स्थित था, जिसे लगभग दो महीने पहले सेक्टर-96 स्थित नए भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है। प्राधिकरण के विभिन्न विभाग भी अब नए प्रशासनिक भवन से संचालित हो रहे हैं, लेकिन दस्तावेजों को ऑनलाइन कराने का केंद्र और रिकॉर्ड रूम अभी भी सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में ही चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के कारण जिन किसानों और अन्य लोगों को अपने दस्तावेज ऑनलाइन कराने या रिकॉर्ड से संबंधित कार्य कराने होते हैं, उन्हें सेक्टर-96 और सेक्टर-6 के बीच आने-जाने की परेशानी उठानी पड़ती है। इससे उनका समय बर्बाद होने के साथ-साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ता है। खासकर दूरदराज के गांवों से आने वाले किसानों को अपने जरूरी काम पूरे कराने में अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पहले भी उठाया था मुद्दा, कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा सौंपा ज्ञापन
अशोक चौहान ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए पूर्व में भी अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी को सेक्टर-96 स्थित जनसुनवाई केंद्र में मांग पत्र दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जब नोएडा प्राधिकरण का मुख्य प्रशासनिक कार्यालय और विभिन्न विभाग सेक्टर-96 में संचालित हो रहे हैं, तो रिकॉर्ड रूम और ऑनलाइन केंद्र को भी उसी परिसर में स्थापित किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर अपने काम कराने की सुविधा मिल सके।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मुख्य प्रशासनिक भवन में बैंक के संचालन के लिए जगह उपलब्ध कराई जा सकती है, तो किसानों और आम जनता की सुविधा से जुड़े रिकॉर्ड रूम और ऑनलाइन केंद्र के लिए भी स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इन सुविधाओं को एक ही परिसर में संचालित करने से लोगों की भागदौड़ कम होगी और प्राधिकरण से संबंधित कार्य कराने में सहूलियत मिलेगी।
किसानों और आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता देने की मांग
ग्राम विकास संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने नोएडा प्राधिकरण से मांग की कि सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में संचालित रिकॉर्ड रूम और दस्तावेज ऑनलाइन कराने वाले केंद्र को जल्द से जल्द सेक्टर-96 स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन में स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्थाओं का उद्देश्य आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए। किसानों और नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
अशोक चौहान ने उम्मीद जताई कि नोएडा प्राधिकरण इस जनहित के मुद्दे पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि ग्राम विकास संगठन नोएडा किसानों और आम जनता की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। रिकॉर्ड रूम और ऑनलाइन केंद्र को सेक्टर-96 में स्थानांतरित करने की मांग भी इसी जनहितकारी पहल का हिस्सा है।।
