गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026

लखनऊ :पुलिस ने दो तस्करों को 8 किलो गांजे के साथ किया गिरफ्तार।।||Lucknow:Police arrested two smugglers with 8 kg of marijuana.||

शेयर करें:
लखनऊ :
पुलिस ने दो तस्करों को 8 किलो गांजे के साथ किया गिरफ्तार।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना गाजिपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आठ किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
विस्तार : 
पुलिस के मुताबिक थाना गाजिपुर क्षेत्र में  उपनिरीक्षक आनंद कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कल्याण अपार्टमेंट तिराहे की ओर से पैदल आ रहे दो युवकों को संदेह के आधार पर रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि दोनों रुकने के बजाय मुड़कर तेजी से भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रात करीब 11:20 बजे दोनों को पकड़ लिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान करन सोनकर (28), निवासी उदयगंज बर्फखाना, थाना हुसैनगंज, लखनऊ और विशाल कुशवाहा (19), मूल निवासी रेनूकूट, जनपद सोनभद्र तथा वर्तमान निवासी एम हाइट अपार्टमेंट, तिवारीगंज, लखनऊ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे में मिले पीले-लाल रंग के बोरे से भूरे रंग के चार पैकेट बरामद हुए। जांच में उनमें कुल आठ किलोग्राम गांजा पाया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने गांजा बिक्री के लिए ले जाने की बात बताई। इस मामले में थाना गाजीपुर में मुकदमा संख्या 0374/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में अभियोग दर्ज किया गया है।
करन सोनकर पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार करन सोनकर के खिलाफ हजरतगंज, हुसैनगंज, विभूतिखंड और वजीरगंज थानों में पहले से छह मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपितों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी संबंधित थानों और जनपदों से जुटाई जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आनंद कुमार, धनपाल, मनोज कुमार और नीरज यादव के अलावा हेड कांस्टेबल बालकुश, अशोक कुमार यादव तथा कांस्टेबल पिंटू सरोज शामिल रहे।