गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति 6.0 से महिला सुरक्षा को मजबूती, स्कूल-कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को किया जागरूक!!
महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के जरिए तत्काल सहायता लेने के लिए किया प्रेरित
दो टूक//नोएडा। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा सुनिति एवं अपर पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित इन कार्यक्रमों के दौरान महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, कानूनी अधिकारों और विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी जा रही है। मिशन शक्ति टीमों द्वारा छात्र-छात्राओं को जागरूक करते हुए उन्हें किसी भी विषम परिस्थिति में सतर्क रहने, अपने अधिकारों को समझने और जरूरत पड़ने पर बिना किसी डर के पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वन स्टॉप सेंटर योजना तथा महिला एवं बाल कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। पुलिस टीमों ने इन योजनाओं के उद्देश्य और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए महिलाओं को उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए तरीके
डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचने, सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने और अपनी निजी जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में भी जागरूक किया गया। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल पर बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने और ऑनलाइन ठगी के झांसे में आने से बचने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने और संबंधित सहायता सेवाओं का उपयोग करने के बारे में बताया गया।
महिला एवं बाल सुरक्षा हेल्पलाइन की दी जानकारी
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
- 1090: महिला हेल्पलाइन
- 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
- 1930: साइबर अपराध हेल्पलाइन
- 112: आपातकालीन पुलिस सहायता
- 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन
- 181: वन स्टॉप सेंटर हेल्पलाइन
इसके अतिरिक्त साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के लिए आधिकारिक साइबर पोर्टल www.cyberpolice.uppolice.gov.in की जानकारी भी दी गई। जागरूकता कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को जानकारीपूर्ण पंपलेट वितरित किए गए और किसी भी आपात स्थिति में उपलब्ध सेवाओं का निडर होकर इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
महिला सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाना अभियान का उद्देश्य
गौतमबुद्धनगर पुलिस के मिशन शक्ति अभियान 6.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करना तथा उन्हें अपने कानूनी अधिकारों, सहायता सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना है। पुलिस द्वारा विभिन्न विभागों और आमजन के सहयोग से महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता तथा सामुदायिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं और बालिकाएं जागरूक होकर सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ सकें।।
