सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति 6.0 के तहत नोएडा में महिला सशक्तिकरण रैली, 500 बालिकाओं ने लिया हिस्सा; सुरक्षा और सम्मान के प्रति किया जागरूक!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति 6.0 के तहत नोएडा में महिला सशक्तिकरण रैली, 500 बालिकाओं ने लिया हिस्सा; सुरक्षा और सम्मान के प्रति किया जागरूक!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 12 अक्टूबर 2026। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से मिशन शक्ति अभियान 6.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण रैली का आयोजन किया गया। शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में करीब 500 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पैदल मार्च के माध्यम से समाज को महिला सुरक्षा, समान अवसर और नारी सम्मान का संदेश दिया गया।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित यह पैदल मार्च राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, ग्राम होशियारपुर, सेक्टर-51, नोएडा से निकाला गया। रैली में शामिल छात्राओं और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। अभियान के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और उन्हें समाज में समान अवसर एवं सम्मान दिलाना सामूहिक जिम्मेदारी है।

महिला सुरक्षा को लेकर विभिन्न विभागों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

रैली का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा सुनीती ने किया। कार्यक्रम का संचालन अपर पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा मनीषा सिंह के साथ थाना सेक्टर-49 की प्रभारी निरीक्षक और महिला थाना प्रभारी के समन्वय से किया गया। कार्यक्रम में आशा बहुओं, होमगार्ड, एएनएम, शिक्षकों और सफाईकर्मियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस दौरान विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित महिला सुरक्षा उपायों, महिलाओं एवं बालिकाओं के कानूनी अधिकारों, स्वास्थ्य, स्वच्छता और शासन की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या दुर्व्यवहार की स्थिति में चुप रहने के बजाय संबंधित पुलिस एवं सक्षम विभाग से सहायता लेनी चाहिए।

मिशन शक्ति, स्वयं सिद्धा और एंटी रोमियो टीमों ने निभाई सक्रिय भूमिका

कार्यक्रम में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के नोएडा जोन के विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीम, स्वयं सिद्धा टीम और एंटी रोमियो टीम ने सक्रिय भागीदारी की। पैदल मार्च के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और आत्मनिर्भरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

पुलिस टीमों ने महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों और महिलाओं एवं बच्चों के हित में संचालित सरकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया। इसका उद्देश्य जरूरत पड़ने पर महिलाओं और बालिकाओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना रहा।

महिला सम्मान और सुरक्षित समाज का दिया संदेश

शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना और समाज में महिला सम्मान की भावना को बढ़ावा देना रहा। रैली के माध्यम से आमजन से महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, उनके अधिकारों का सम्मान करने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अथवा दुर्व्यवहार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की गई।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत विभिन्न विभागों और आमजन के सहयोग से महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए जनजागरूकता और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा महिला सुरक्षा को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में स्थापित करना है।

अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिला सशक्तिकरण केवल जागरूकता तक सीमित नहीं, बल्कि महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, समान अवसर और आत्मनिर्भरता प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयास करना भी आवश्यक है।।