गौतमबुद्धनगर: सर्फाबाद में सपा की पीडीए जन चौपाल, 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर हुआ मंथन!!
महेंद्र यादव के संयोजन में जुटे सपा के वरिष्ठ नेता, अखिलेश यादव के नेतृत्व में विकास और सामाजिक एकजुटता का दिया संदेश
दो टूक//नोएडा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर नोएडा के सेक्टर-73 स्थित ग्राम सर्फाबाद में पीडीए जन चौपाल का आयोजन किया गया। प्रदेश सचिव महेंद्र यादव के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और पीडीए समाज की एकजुटता को लेकर व्यापक मंथन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता वीर सिंह यादव ने की, जबकि संचालन समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर के पूर्व महासचिव एवं प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने किया।
कार्यक्रम में पहुंचे सभी वरिष्ठ नेताओं का पगड़ी पहनाकर, फूल-मालाओं और शॉल भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। जन चौपाल में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
संविधान और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भाटी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियां संविधान की भावना के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना जरूरी है। उन्होंने आगामी स्नातक एमएलसी चुनाव में एकजुट होकर पार्टी के प्रत्याशी प्रमेंद्र भाटी को जिताने का आह्वान भी किया।
अखिलेश यादव के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का किया जिक्र
समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर के पूर्व महासचिव एवं प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार के कार्यकाल में नोएडा सहित पूरे उत्तर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार राजनीतिक लाभ के लिए हिंदू-मुस्लिम के बीच नफरत की खाई बढ़ाने का काम कर रही है। दुबे ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक सद्भाव, विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है।
सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की बात कही
कार्यक्रम के संयोजक एवं सपा प्रदेश सचिव महेंद्र यादव ने कहा कि अखिलेश यादव सभी जातियों और धर्मों को साथ लेकर चलने की सोच रखते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। महेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता बनाए रखने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
वहीं, सुभाष भाटी ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को अभी से संगठन की मजबूती के लिए जुट जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए आवाज उठानी चाहिए।
वरिष्ठ नेताओं ने भी रखे विचार
जन चौपाल को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी, वरिष्ठ नेता वीर सिंह यादव सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, पीडीए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद बढ़ाने और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में मनोज चौहान, भरत प्रधान, बब्बल भाटी, सत्ते यादव, जयकरण चौधरी, सुभाष भाटी, मनोज गोयल, मोहम्मद तस्लीम, विनोद यादव, हीरालाल यादव, रामनिवास यादव, प्रिंस यादव, गुड्डू चौधरी, लखन यादव, सुरेंद्र गौतम, गौरव सिंघल, महिपाल वाल्मीकि, मुकेश प्रधान, संजय त्यागी, वीरपाल अवाना, धर्मवीर वाल्मीकि, राजेश जाटव, मित्रपाल कश्यप, सूरज राणा, मुनव्वर सैफी, दीनू खान, टीटू यादव, अंकुर पहलवान, विवेक यादव, पुष्पेंद्र यादव, विनोद चौधरी, सिब्बत पहलवान, सुंदर पहलवान, अरुण यादव और धनपाल यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता एवं पीडीए समाज के लोग मौजूद रहे।
