गौतमबुद्धनगर: दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 18 ऑनलाइन स्टोरों पर छापेमारी; 16 को सुधार नोटिस!!
बिग बॉस्केट, ब्लिंकिट, स्विगी, जेप्टो और अमेजन समेत कई स्टोरों की जांच, तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर लैब भेजे
दो टूक//नोएडा/ग्रेटर नोएडा, 26 अक्टूबर 2026। दीपावली के त्योहार से पहले जनपद गौतमबुद्धनगर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की अलग-अलग टीमों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के वेयरहाउस और स्टोरों पर विशेष जांच अभियान चलाया। 24 और 25 अक्टूबर को की गई इस कार्रवाई में कुल 18 वेयरहाउस और स्टोरों की जांच की गई। इनमें साफ-सफाई में कमी और आवश्यक अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं होने सहित विभिन्न खामियां मिलने पर 16 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। वहीं, तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि त्योहार के दौरान लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की टीमें खाद्य पदार्थों के भंडारण, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों के पालन की जांच कर रही हैं, ताकि उपभोक्ताओं तक मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री पहुंच सके।
बिग बॉस्केट, ब्लिंकिट और जोमैटो हाइपरमार्ट में मिलीं खामियां
जांच अभियान के तहत ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 स्थित बिग बॉस्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने और आवश्यक अभिलेख मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सुधार नोटिस जारी किए गए। जोमैटो हाइपरमार्ट में भी कमियां मिलने पर विभाग ने नोटिस दिया।
दादरी स्थित स्विगी और जोमैटो हाइपरमार्ट की भी जांच की गई। जोमैटो हाइपरमार्ट से पनीर का एक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। इसके अलावा साफ-सफाई में कमी और जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं होने के कारण संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया।
ब्लिंकिट स्टोर से मूंगफली और जेप्टो के कोल्ड रूम में मिली अव्यवस्था
विभागीय टीमों ने सूरजपुर, बीटा-1 ग्रेटर नोएडा और नोएडा के सेक्टर-62 स्थित ब्लिंकिट स्टोरों का भी निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं मिलने और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सुधार नोटिस जारी किए गए। सूरजपुर स्थित स्टोर से मूंगफली के दाने का एक नमूना लिया गया।
नोएडा के सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर की जांच के दौरान कोल्ड रूम में सफाई की कमी और अव्यवस्था सामने आई। विभाग ने आवश्यक सुधार होने तक कोल्ड रूम का संचालन बंद करा दिया। इसके साथ ही जरूरी अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित स्टोर को सुधार नोटिस जारी किया गया।
कई अन्य वेयरहाउस और स्टोर भी जांच के दायरे में
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने पी-1 ग्रेटर नोएडा स्थित जियो मार्ट, पी-3 ग्रेटर नोएडा स्थित केवी इंटरप्राइजेज और जेप्टो स्टोर, इटहेरा के इकोटेक-4 स्थित ए एंड डी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर-128 नोएडा स्थित पीवाईडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड के स्विगी स्टोर, शाहदरा नोएडा स्थित जेप्टो के डार्क स्टोर, मथुरापुर ग्रेटर नोएडा स्थित पीजे टीजे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड और तुगलपुर स्थित अमेजन स्टोर की भी जांच की।
इन प्रतिष्ठानों पर कामगारों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थों को स्टोर से निर्धारित समय से पहले हटाने से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) सहित जरूरी अभिलेख मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
मथुरापुर स्थित पीजे टीजे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड से तिल के तेल का एक नमूना भी जांच के लिए लिया गया। इस तरह अभियान के दौरान पनीर, मूंगफली के दाने और तिल के तेल के कुल तीन नमूने एकत्र किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत
विभाग ने जांच के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों को सख्त चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी अभिलेख स्टोरों पर सुरक्षित रखे जाएं और अधिकारियों द्वारा मांगे जाने पर तत्काल प्रस्तुत किए जाएं। साथ ही खाद्य सामग्री की प्राप्ति, भंडारण और उपभोक्ताओं तक आपूर्ति के दौरान निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।
इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमपाल सिंह, अमर बहादुर सरोज, मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल, रविंद्र नाथ वर्मा, विशाल गुप्ता और रितु सक्सेना शामिल रहे।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में आगे भी इसी तरह जांच अभियान चलाया जाएगा और आवश्यकतानुसार खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। विभाग का उद्देश्य दीपावली के दौरान जनपदवासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है।
