गौतमबुद्धनगर: विधान परिषद चुनाव की तैयारी तेज, प्रशिक्षण से 14 कार्मिक नदारद; सीडीओ ने दी कार्रवाई की चेतावनी!!
13 अक्टूबर को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण लेने के निर्देश, दोबारा अनुपस्थित रहने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 12 अक्टूबर 2026। विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को विकास भवन स्थित सभागार में मतदान कार्मिकों को दो पालियों में प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी मतदान कार्मिक भाल चंद्र त्रिपाठी की उपस्थिति में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कुल 14 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए अनुपस्थित कार्मिकों को आगामी प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की पहली पाली में 8 कार्मिक अनुपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में 6 कार्मिकों ने प्रशिक्षण में हिस्सा नहीं लिया। इस प्रकार दोनों पालियों को मिलाकर कुल 14 कार्मिक गैरहाजिर रहे। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में मतदान कार्मिकों की भूमिका को देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी के प्रति गंभीर रहने के निर्देश दिए हैं।
13 अक्टूबर को प्रशिक्षण में उपस्थित होना अनिवार्य
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने 12 अक्टूबर को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहे सभी कार्मिकों को निर्देशित किया है कि वे 13 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित कार्मिकों का निर्धारित प्रशिक्षण प्राप्त करना आवश्यक है।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि पर आयोजित प्रशिक्षण में दोबारा अनुपस्थित रहने अथवा निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में असहयोग करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का जोर है कि निर्वाचन कार्य में तैनात प्रत्येक कर्मचारी अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाए, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
जिला प्रशासन ने संबंधित कार्मिकों से निर्धारित समय पर प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर प्रशिक्षण पूरा करने की अपेक्षा की है। विधान परिषद निर्वाचन-2026 को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।।
