अम्बेडकर नगर :
122 साल पुरानी शहजादपुर की ऐतिहासिक रामलीला का आगाज, मुकुट पूजन के साथ हुआ शुभारंभ।
।।ए के चतुर्वेदी।।
दो टूक : अंबेडकर नगर जनपद के कस्बा शहजादपुर की 122 वर्षीय ऐतिहासिक श्री सतगुरु कृपा रामलीला का शुभारंभ रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को शारदीय नवरात्रि की प्रतिपदा पर विधि-विधान से मुकुट पूजन के साथ हुआ। श्री अवधेश कुमार मेहरोत्रा के निर्देशन में आयोजित प्रथम दिवस की लीला में कलाकारों ने रावण जन्म के प्रसंग का प्रभावशाली और रोमांचक मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
रामलीला के दौरान कलाकारों ने अपने सधे हुए अभिनय और संवादों से पौराणिक प्रसंगों को जीवंत कर दिया। रावण की भूमिका में विशाल मेहरोत्रा एडवोकेट, विभीषण के रूप में अवधेश कुमार मेहरोत्रा, कुंभकरण के रूप में शेर बहादुर दुबे, ब्रह्मा जी की भूमिका में अखिलेश कुमार दुबे, कुबेर के रूप में सुमित शर्मा, भगवान विष्णु की भूमिका में अजीत दुबे, पृथ्वी के रूप में अमरजीत प्रजापति, विश्रवा के रूप में चक्रधारी दुबे तथा कैकसी की भूमिका में रामलाल ने शानदार अभिनय किया।
परंपरा और आस्था का प्रतीक है ऐतिहासिक रामलीला
रामलीला की व्यास पीठ पर समिति के संरक्षक प्रेमचंद पाठक उपस्थित रहे। इस दौरान समिति के अध्यक्ष शीतला सिंह, सभासद प्रतिनिधि प्रिंस पाठक, मंत्री सत्यम मेहरोत्रा और निर्देशक अवधेश कुमार मेहरोत्रा सहित अन्य सहयोगियों ने आयोजन में सहभागिता निभाई।
122 वर्षों से चली आ रही यह रामलीला शहजादपुर की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और लोकपरंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। रामलीला के दूसरे दिन, सोमवार 12 अक्टूबर को समिति की ओर से राम जन्म की लीला का मंचन किया जाएगा।
