गौतमबुद्धनगर: 12 साल बाद जागा यमुना पुस्ता बांध! 34.18 करोड़ के बजट से चार लेन सड़क की सफाई और मरम्मत शुरू, ग्रामीणों में खुशी की लहर!!
दो टूक//नोएडा। यमुना तट बांध (मार्जिनल बांध) की चार लेन सड़क पर पिछले करीब 12 वर्षों से सफाई और उचित अनुरक्षण के इंतजार के बाद अब काम शुरू हो गया है। नोएडा प्राधिकरण से बजट स्वीकृत होने के बाद सिंचाई विभाग ने सेक्टर-94 स्थित गांव रायपुर से सेक्टर-135 स्थित गांव नंगली वाजिदपुर तक लगभग 11.2 किलोमीटर लंबे पुस्ता बांध मार्ग की सफाई और मरम्मत का कार्य तेज कर दिया है। सड़क के दोनों ओर और बीच में उगी कंटीली झाड़ियों की कटाई-छंटाई के साथ जगह-जगह जमा कूड़े के ढेरों को हटाया जा रहा है। लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे आसपास के गांवों और सेक्टरों के निवासियों में कार्य शुरू होने से खुशी की लहर है।
ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश के स्तर से यमुना पुस्ता बांध की सफाई और अनुरक्षण कार्य के लिए सिंचाई विभाग को धनराशि उपलब्ध कराई गई है। नोएडा प्राधिकरण ने यमुना मार्जिनल बांध की चार लेन सड़क की मरम्मत और सफाई के लिए कुल 34.18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इसमें से पहली किस्त के रूप में लगभग 11 करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के बैंक खाते में भेजे जा चुके हैं। इसके बाद विभाग ने मौके पर कार्य शुरू करा दिया है।
उन्होंने बताया कि यमुना मार्जिनल बांध की चार लेन सड़क का निर्माण वर्ष 2014 में नोएडा प्राधिकरण की वित्त पोषित धनराशि से कराया गया था। करीब 10 वर्ष पूर्व सिंचाई विभाग और नोएडा प्राधिकरण के बीच हुए एमओयू की शर्तों के अनुसार सड़क की मरम्मत और अनुरक्षण का कार्य नोएडा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली धनराशि से कराया जाना प्रस्तावित था। इसके बावजूद लंबे समय तक सड़क की नियमित सफाई और मरम्मत नहीं हो सकी। सड़क के दोनों तरफ और बीच में बड़ी-बड़ी कंटीली झाड़ियां उग आई थीं तथा कई स्थानों पर कूड़े के ढेर जमा हो गए थे।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर लगातार शिकायतों के बाद शुरू हुआ काम
अशोक चौहान ने बताया कि गांव नंगली वाजिदपुर के निवासी के रूप में उन्होंने यमुना पुस्ता बांध सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर वर्ष 2021 से लगातार शिकायतें दर्ज कराईं। वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री पोर्टल/आईजीआरएस पर शिकायत संख्या 40014123027859 दर्ज कराई गई थी। इस पर सिंचाई विभाग की ओर से जवाब दिया गया था कि पुस्ता बांध सड़क की दैनिक सफाई का कार्य नोएडा प्राधिकरण द्वारा कराया जाता है।
इसके बाद 31 अगस्त 2024 को दोबारा मुख्यमंत्री पोर्टल/आईजीआरएस पर शिकायत संख्या 40014124021755 और 40014124021758 दर्ज कराई गईं। ये शिकायतें नोएडा प्राधिकरण और सिंचाई विभाग में अलग-अलग की गई थीं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
अशोक चौहान के अनुसार, 28 अगस्त 2025 को भी मुख्यमंत्री पोर्टल/आईजीआरएस पर शिकायत संख्या 40014125031556 दर्ज कराई गई थी। लगातार शिकायतों और संबंधित विभागों के समक्ष समस्या उठाने के बाद अब नोएडा प्राधिकरण से बजट उपलब्ध होने पर सिंचाई विभाग ने सफाई और मरम्मत का कार्य शुरू कराया है। वर्तमान में सेक्टर-94 के गांव रायपुर से सेक्टर-135 के गांव नंगली वाजिदपुर तक सड़क की सफाई, झाड़ियों की कटाई और अन्य अनुरक्षण कार्य प्रगति पर हैं।
11.2 किलोमीटर सड़क बनने से हजारों लोगों को मिलेगी जाम से राहत
अशोक चौहान ने बताया कि यमुना पुस्ता बांध की लगभग 11.2 किलोमीटर लंबी चार लेन सड़क की सफाई और मरम्मत पूरी होने के बाद इसका उपयोग आसपास के गांवों और सेक्टरों के निवासी अधिक आसानी से कर सकेंगे। इससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।
इस मार्ग का लाभ गांव रायपुर, बख्तावरपुर, असगरपुर, गढ़ी शाहपुर, शाहपुर गोवर्धनपुर, नंगली नंगला, नंगली शाखपुर, नंगली वाजिदपुर, छपरौली और दोस्तपुर मंगरौली सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को मिल सकेगा। इसके अलावा सेक्टर-126 से सेक्टर-135 और सेक्टर-168 के निवासियों को भी आवागमन का एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि यदि सड़क का सफाई और अनुरक्षण कार्य नियमित रूप से कराया जाता है तो क्षेत्र के लोगों को यातायात जाम की समस्या से राहत मिलने के साथ ही वाहनों से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण में भी कमी लाने में मदद मिल सकती है। इससे समय और ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीणों ने जताया आभार
लंबे समय से उपेक्षित पड़े यमुना पुस्ता बांध मार्ग पर सफाई और मरम्मत का कार्य शुरू होने से आसपास के ग्रामीणों और सेक्टरवासियों में उत्साह है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग की नियमित सफाई और उचित रखरखाव बेहद जरूरी है, ताकि सड़क का उपयोग सुरक्षित और सुगम तरीके से किया जा सके।
अशोक चौहान ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश और संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए मांग की कि स्वीकृत बजट से सड़क की मरम्मत और सफाई का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए तथा भविष्य में भी इसका नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित किया जाए।।
