लखनऊ :
इंस्टाग्राम पर लोन का झांसा देकर 10 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना विभूति खण्ड पुलिस टीम ने सोशल मीडिया पर स्टार्टअप के नाम पर आर्थिक सहायता दिलाने का प्रलोभन देकर लोगों को ठगने वाले दो जालसाजो को किसान बाजार स्थित ब्लेंट हाउस कैफे के पास से गिरफ्तार लिया। पीडित अमन कुमार की शिकायत पर विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपी पटना, बिहार के निवासी हैं।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित अमन कुमार ने 12 अक्टूबर 2026 को थाना विभूतिखंड में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने उद्यम सेतु के माध्यम से लघु उद्योग और स्टार्टअप शुरू कराने तथा लोन दिलाने का भरोसा देकर ऑनलाइन माध्यम से उनसे 10 लाख रुपये प्राप्त किए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद उससे अतिरिक्त रुपये की मांग की गई। रकम देने से इनकार करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने तथा गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। आरोपियों पर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर भयभीत करने का भी आरोप है।
शिकायत के आधार पर थाना विभूतिखंड में मुकदमा अपराध संख्या 0392/2026, धारा 318(4) और 308(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 अक्टूबर को दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी इंस्टाग्राम पर विज्ञापन के जरिए लघु उद्योग और स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक लोगों से संपर्क करते थे। उन्हें आकर्षक योजनाओं और आर्थिक सहायता का प्रलोभन देकर विश्वास में लिया जाता था। रुपये प्राप्त करने के बाद कथित तौर पर अतिरिक्त धनराशि के लिए दबाव बनाया जाता था और इनकार करने पर धमकियां दी जाती थीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सादिक हसनैन पुत्र सकील हसनैन और शोएब जफर पुत्र जफर सईद, दोनों निवासी थाना फुलवारी शरीफ, पटना, बिहार के रूप में हुई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राघुवेन्द्र पाण्डेय और हेड कांस्टेबल अजय सोनकर शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपियों की भूमिका, संभावित सहयोगियों और इसी तरह की अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
