सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

अम्बेडकर नगर :नवरात्र में महिला सुरक्षा की कमान खुद संभाले इंस्पेक्टर,बाजारों में पैदल गस्त कर दिलाया सुरक्षा का एहसास।||Ambedkar Nagar:The inspector personally took charge of women's safety during Navratri, patrolling the markets on foot to provide a sense of security.||

शेयर करें:
अम्बेडकर नगर :
नवरात्र में महिला सुरक्षा की कमान खुद संभाले इंस्पेक्टर,बाजारों में पैदल गस्त कर दिलाया सुरक्षा का एहसास।
।।पूनम तिवारी।।
दो टूक : अंबेडकरनगर जनपद के भीटी में  शारदीय नवरात्र के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भीटी पुलिस पूरी तरह सक्रिय नजर आई। मिशन शक्ति अभियान के तहत इंस्पेक्टर भीटी कृष्ण बली सिंह ने खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की और विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
नवरात्र के दौरान मंदिरों, पूजा पंडालों, बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इंस्पेक्टर कृष्ण बली सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को छेड़छाड़, उत्पीड़न और अन्य अप्रिय घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी। साथ ही किसी भी तरह की परेशानी होने पर बिना संकोच पुलिस से शिकायत करने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान महिलाओं को 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन और 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन की जानकारी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।
इंस्पेक्टर कृष्ण बली सिंह ने महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता, सतर्कता और पुलिस की सक्रियता को महत्वपूर्ण बताते हुए सुरक्षित माहौल बनाने पर जोर दिया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और नवरात्र के धार्मिक आयोजनों में उनकी सुरक्षित भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
भीटी पुलिस की इस पहल के जरिए महिलाओं को सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल सहायता लेने का संदेश दिया गया।
●खतरा हो महसूस तो 112 डायल कर ले पुलिस की मदद,रहे सुरक्षित।।