शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर में 10 से 25 अक्टूबर तक बंटेगा मुफ्त राशन, अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किलो अनाज!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर में 10 से 25 अक्टूबर तक बंटेगा मुफ्त राशन, अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किलो अनाज!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट मिलेगा 5 किलो गेहूं-चावल, आधार प्रमाणीकरण से होगा वितरण

दो टूक//नोएडा, 9 अक्टूबर 2026। गौतमबुद्धनगर जिले में राशन कार्डधारकों के लिए अक्टूबर माह के निःशुल्क खाद्यान्न वितरण की तारीख निर्धारित कर दी गई है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत जिले की सभी उचित दर दुकानों पर 10 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक पात्र लाभार्थियों को गेहूं और चावल का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल ने राशन कार्डधारकों से निर्धारित समयावधि में अपनी उचित दर दुकान पर पहुंचकर राशन प्राप्त करने की अपील की है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में अंत्योदय और पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा के अनुसार खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण के बाद राशन दिया जाएगा।

अंत्योदय कार्ड पर 35 किलो, पात्र गृहस्थी को प्रति यूनिट 5 किलो राशन

खाद्यान्न वितरण के तहत अंत्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति कार्ड कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क मिलेगा। इसमें 21 किलोग्राम गेहूं और 14 किलोग्राम चावल शामिल हैं। वहीं, पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को कार्ड में दर्ज प्रत्येक यूनिट के हिसाब से कुल 5 किलोग्राम खाद्यान्न दिया जाएगा। इसमें 3 किलोग्राम गेहूं और 2 किलोग्राम चावल शामिल हैं।

सुबह 8 से 12 और दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक होगा वितरण

जिले की उचित दर दुकानों पर खाद्यान्न का वितरण निर्धारित अवधि में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। लाभार्थियों को ई-पॉस मशीन पर आधार प्रमाणीकरण के बाद राशन उपलब्ध कराया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वितरण के दौरान निर्धारित नियमों का पालन किया जाए और किसी भी पात्र लाभार्थी को उसके अनुमन्य खाद्यान्न से वंचित न रखा जाए।

दूसरे जिलों और राज्यों के कार्डधारकों को भी मिलेगी सुविधा

‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों और अन्य राज्यों के प्रवासी राशन कार्डधारक भी गौतमबुद्धनगर की किसी भी उचित दर दुकान से पोर्टेबिलिटी सुविधा के माध्यम से अपना खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए तैनात नोडल अधिकारी उचित दर दुकानों पर उपलब्ध खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन करेंगे और अपनी मौजूदगी में वितरण सुनिश्चित कराएंगे।

25 अक्टूबर को भी मिलेगा राशन, ओटीपी से होगा सत्यापन

खाद्यान्न वितरण की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इस दिन आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से राशन प्राप्त नहीं कर पाने वाले लाभार्थियों को मोबाइल ओटीपी सत्यापन के जरिए निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।

वितरण के बाद ई-पॉस मशीन से जारी पर्ची पर गेहूं, चावल और वितरण की स्थिति के अनुसार ज्वार, मक्का एवं बाजरा का मूल्य शून्य अंकित होगा। उचित दर विक्रेता को यह पर्ची संबंधित लाभार्थी को उपलब्ध करानी होगी।

शिकायत के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क

जिला पूर्ति अधिकारी ने राशन वितरण से जुड़े अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं से व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की अपील की है। यदि किसी लाभार्थी को राशन प्राप्त करने में परेशानी होती है या वितरण संबंधी कोई शिकायत है, तो वह संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अथवा पूर्ति निरीक्षक से संपर्क कर सकता है।

इसके अलावा लाभार्थी टोल फ्री नंबर 1967 और 1800-1800-150 पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

प्रशासन ने सभी पात्र राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे 10 से 25 अक्टूबर के बीच निर्धारित समय पर अपनी उचित दर दुकान से निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त करें और किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।।