बुधवार, 9 सितंबर 2026

अम्बेडकरनगर :शिक्षामित्रों ने SBI खातों में मानदेय भेजने की उठाई मांग।|||Ambedkar Nagar:Shikshamitras demanded that their honorarium be transferred to their SBI accounts.||

शेयर करें:
अम्बेडकरनगर :
शिक्षामित्रों ने SBI खातों में मानदेय भेजने की उठाई मांग।
कटेहरी में संगठन ने बीईओ के माध्यम से बीएसए को सौंपा ज्ञापन, आगामी माह से भुगतान की मांग।
।।पूनम तिवारी।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर 9 सितंबर बुधवार को आदर्श समायोजित शिक्षक-शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश की ब्लॉक इकाई कटेहरी के पदाधिकारियों ने शिक्षामित्रों का मानदेय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के खातों में भेजने की मांग उठाई है। बुधवार को ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने खंड शिक्षा अधिकारी कटेहरी प्रिया पाठक के माध्यम से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में यदि शिक्षामित्रों का मानदेय भी SBI खातों में भेजा जाए तो उन्हें बैंक की विभिन्न सुविधाओं और योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
संगठन ने मांग की है कि ब्लॉक कटेहरी के सभी शिक्षामित्रों के SBI खातों का विवरण शीघ्र प्राप्त कर आगामी माह से मानदेय का भुगतान इन्हीं खातों में सुनिश्चित कराया जाए।
इस दौरान महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सोनिया सिंह, अनामिका पांडे, महामंत्री मनीष मिश्रा, दुर्गा प्रसाद पांडे, सुरेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष सत्य प्रकाश गुप्ता, हिमांशु भूषण तिवारी, रेनू सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षामित्र मौजूद रहे। संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से मांग पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा जताई।