गौतमबुद्धनगर: BRICS Summit को लेकर दिल्ली जाने वाले वाहनों पर बड़ा प्रतिबंध, गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने जारी किए वैकल्पिक मार्ग!!
10 से 13 सितंबर तक दिल्ली में लागू रहेगी विशेष यातायात व्यवस्था, गैर-गंतव्य वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं मिलेगा
दो टूक//नोएडा। दिल्ली में आयोजित होने वाले BRICS Summit के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष डायवर्जन प्लान जारी किया है। 10 सितंबर 2026 से 13 सितंबर 2026 तक कार्यक्रम समाप्त होने तक गौतमबुद्धनगर से दिल्ली राज्य में प्रवेश कर आगे अन्य स्थानों की ओर जाने वाले गैर-गंतव्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इनमें भारी, मध्यम एवं हल्के मालवाहक वाहन समेत अन्य वाहन शामिल हैं।
यातायात पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले ऐसे वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
चिल्ला बॉर्डर से आने वाले वाहन
चिल्ला रेड लाइट बॉर्डर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चिल्ला रेड लाइट से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
डीएनडी बॉर्डर पर भी डायवर्जन
डीएनडी बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश कर आगे जाने वाले वाहनों को डीएनडी टोल प्लाजा से यू-टर्न कराया जाएगा। इसके बाद वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
कालिंदी कुंज बॉर्डर से आने वाले वाहनों का रूट बदला
कालिंदी कुंज-यमुना बॉर्डर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल कर आगे जा सकेंगे।
यमुना एक्सप्रेस-वे से दिल्ली जाने वालों को इन रास्तों से जाना होगा
यमुना एक्सप्रेस-वे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होकर दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को जीरो प्वाइंट से परीचौक, पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा।
इसी तरह परीचौक से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को परीचौक से पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का मार्ग अपनाना होगा।
इन मार्गों से भी किया जाएगा डायवर्ट
यमुना एक्सप्रेस-वे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होकर दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को फलैदा कट, रबूपुरा से सर्विस रोड, गलगोटिया, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी, पुस्ता तिराहा, होंडा सीएल चौक और कस्बा कासना होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा।
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान आपातकालीन वाहनों, जैसे चिकित्सा एवं फायर सर्विस वाहनों, को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन कराया जाएगा।
यातायात पुलिस ने आम वाहन चालकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से दिल्ली की ओर जाने वाले मार्गों का प्रयोग न करें और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। यातायात संबंधी किसी भी समस्या या सहायता के लिए यातायात हेल्पलाइन नंबर 9970090001 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस के मुताबिक, यह यातायात व्यवस्था दिल्ली में आयोजित BRICS Summit के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की गई है।।
