लखनऊ :
मोहनलालगंज से बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक को निकला शिवभक्तों का जत्था,जयकारों से गूंजा इलाका।।
दो टूक : लखनऊ -: बाबा बैद्यनाथ के दर्शन एवं पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक के लिए मोहनलालगंज कांवड़िया मंडल के 30 शिवभक्तों का जत्था बुधवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ रवाना हुआ। यात्रा पर निकलने से पहले सभी कांवड़ियों ने काशेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान शिव से मंगलमय यात्रा की कामना की।
विस्तार :
शिवभक्त लखनऊ से ट्रेन द्वारा झारखंड के सुल्तानगंज पहुंचेंगे। वहां से गंगाजल लेकर करीब 105 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा करते हुए देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा के दौरान कांवड़िये हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों के साथ शिव भक्ति में लीन रहेंगे।
कांवड़िया मंडल के शिव प्रकाश गुप्ता ने कहा कि कंधे पर कांवड़ और हृदय में महादेव का नाम लेकर चलना प्रत्येक शिवभक्त के लिए सौभाग्य और गौरव की बात है। यह यात्रा महज 105 किलोमीटर का सफर नहीं, बल्कि आस्था, तपस्या, त्याग और भगवान शिव के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के दरबार में जल अर्पित कर देश-समाज और सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।जत्थे में शिव प्रकाश गुप्ता, विनीत मिश्रा, रिंकू सिंह, अतुल सिंह, पवन सिंह, रानू पांडे, सुनील, राजन द्विवेदी, जीतू द्विवेदी, अनुज सहित 30 शिवभक्त शामिल रहे।
