बुधवार, 9 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मोबाइल-चेन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार; तमंचा, चाकू, तीन मोबाइल, दो चेन और बाइक बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मोबाइल-चेन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार; तमंचा, चाकू, तीन मोबाइल, दो चेन और बाइक बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने मोबाइल फोन और चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, तीन मोबाइल फोन, दो पीली धातु की चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 14,500 रुपये की नकदी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने सेक्टर-168 नोएडा के पास कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित पुत्र कृपाल सिंह, निवासी ग्राम सतरोही, थाना सहावर, जिला कासगंज, हाल निवासी जे.जे. कॉलोनी वजीरपुर, दिल्ली, उम्र 23 वर्ष तथा सुमित वाल्मीकि पुत्र नेकराम मनोज वाल्मीकि, निवासी ग्राम मेहोना, थाना उझानी, जिला बदायूं, हाल निवासी ग्राम शाहपुर, सेक्टर-128 नोएडा, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।

मोटरसाइकिल से रेकी कर राहगीरों को बनाते थे निशाना

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर एनसीआर क्षेत्र में घूमते थे और रास्ते में आने-जाने वाले लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन और चेन झपट लेते थे। आरोपी वारदात के बाद छीने गए सामान को राह चलते लोगों को कम कीमत में बेच देते थे और उससे मिले पैसे आपस में बांटकर मौज-मस्ती तथा अपने शौक पूरे करते थे।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने पिछले दो-तीन महीनों के दौरान थाना सेक्टर-113 नोएडा क्षेत्र में चेन और मोबाइल फोन स्नैचिंग की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों और उनके नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।

एक आरोपी से तमंचा-कारतूस, दूसरे से चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपी सुमित पुत्र कृपाल सिंह के कब्जे से 7,500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस, दो पीली धातु की चेन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

वहीं, दूसरे आरोपी सुमित वाल्मीकि के कब्जे से 7,000 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। इस तरह दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 14,500 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, दो चेन, एक मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।

सेक्टर-113 में दर्ज कई मामलों से जुड़ा आपराधिक इतिहास

पुलिस जांच में दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। आरोपियों के खिलाफ थाना एक्सप्रेसवे में आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा थाना सेक्टर-113 नोएडा में भी चेन और मोबाइल स्नैचिंग से संबंधित कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 319/26, 380/26, 384/26 और 389/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत थाना सेक्टर-113 नोएडा में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं थाना एक्सप्रेसवे में मु0अ0सं0 138/26, धारा 317(2), 317(5) बीएनएस तथा 3/25 और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

थाना एक्सप्रेसवे पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने एनसीआर में अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी-स्नैचिंग के सामान को किन लोगों को बेचा जाता था। पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और पूर्व की घटनाओं से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।।