गौतमबुद्धनगर: नॉलेज पार्क में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार: दो बाल अपचारी भी पुलिस संरक्षण में, 4 लाख का माल और अवैध हथियार बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने चोरी की एक वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए स्प्लिट एसी, जगुआर कंपनी के जेट फ्लश, वारदात में इस्तेमाल कार और अवैध हथियार बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 को प्लॉट नंबर 5-7 स्थित स्टोर रूम में चोरी की घटना हुई थी। आरोपियों ने स्टोर रूम से पांच स्प्लिट एसी और जगुआर कंपनी के बाथरूम जेट फ्लश चोरी किए थे। मामले में पीड़ित की शिकायत पर थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई। इसी दौरान 9 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल आरोपी गुर्जरपुर अंडरपास के पास रेलवे के खंडहर के नजदीक मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आशीष और मनोज को गिरफ्तार कर लिया। मौके से दो बाल अपचारियों को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया।
चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार स्प्लिट एसी, एक कटा हुआ स्प्लिट एसी का बचा हुआ हिस्सा और जगुआर कंपनी के 10 जेट फ्लश बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त यूपी 82 बीटी 0013 नंबर की कार भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक अवैध चाकू और 315 बोर का तमंचा मय एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। अवैध हथियार मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया है।
एटा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष पुत्र ब्रजवासी (19 वर्ष) निवासी महाराजपुर, थाना जसरतपुर, जिला एटा, हाल निवासी शास्त्रीनगर, नई दिल्ली तथा मनोज पुत्र वीरेंद्र (21 वर्ष) निवासी महाराजपुर, थाना जसरतपुर, जिला एटा, हाल निवासी गुर्जरपुर, थाना नॉलेज पार्क के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ चोरी और अवैध हथियार रखने के संबंध में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने चोरी की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटना का खुलासा करते हुए लाखों रुपये का सामान बरामद किया गया है। साथ ही अवैध हथियारों की बरामदगी से पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई भी की है।।
