मऊ :
पुलिस कप्तान ने खुद संभाली सुरक्षा व्यवस्था की कमान,रात्रि गस्त का लिया जायजा।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए रविवार की रात मऊ पुलिस ने व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर स्वयं जनपद में भ्रमणशील रहे और विभिन्न थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कराई।
रात्रि 8 से 10 बजे तक चले अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घोसी, मुहम्मदाबाद, दक्षिण टोला, कोतवाली, सरायलखन्सी सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, चौराहों, संवेदनशील स्थानों एवं महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी चेकिंग की। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट, हेलमेट, वाहन के कागजात तथा ओवरलोडिंग समेत यातायात नियमों की जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी गहनता से पड़ताल की गई।
पुलिस के अनुसार अभियान के लिए 45 टीमें गठित कर 45 स्थानों पर चेकिंग की गई। इस दौरान करीब 1727 संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों को चेक किया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 577 वाहनों का विभिन्न धाराओं में चालान किया गया, जबकि 8 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा अन्य वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करें।
मऊ पुलिस का कहना है कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन चेकिंग और गश्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
