सोमवार, 7 सितंबर 2026

मऊ :बलिया मोड़ से मिर्जाहादीपुर तक चमकेंगे प्रमुख स्थल,महापुरुषों की प्रतिमाओं का हुआ सौंदर्यीकरण।||Mau:Major landmarks from Ballia turn to Mirzahadipur will be renovated, with statues of great men beautified.||

शेयर करें:
मऊ :
बलिया मोड़ से मिर्जाहादीपुर तक चमकेंगे प्रमुख स्थल,महापुरुषों की प्रतिमाओं का हुआ सौंदर्यीकरण।।
मंत्री ए.के. शर्मा ने विकास कार्यों का किया शुभारंभ।
।।देवेन्द्र कुशवाहा ।।
दो टूक : मऊ में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को मऊ शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। मंत्री ने बलिया मोड़ स्थित पटेल उपवन, गाजीपुर तिराहा, बस स्टैंड और मिर्जाहादीपुर चौक पर कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
बलिया मोड़ तिराहा स्थित पटेल उपवन में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के आसपास विकास कार्य, गाजीपुर तिराहा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण, बस स्टैंड पर स्व. अलगू राय शास्त्री की प्रतिमा स्थल तथा मिर्जाहादीपुर चौक पर लगाए गए ट्राई कलर मिरर और कॉलम लाइट का शुभारंभ किया गया।
इस दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि शहरवासियों की सुविधा और सहूलियत के लिए विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मऊ को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से लैस शहर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं देश और समाज के लिए प्रेरणा और गौरव का प्रतीक हैं। इनके आसपास सौंदर्यीकरण होने से जहां शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, वहीं नई पीढ़ी को महापुरुषों के संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
प्रमुख चौराहों की बदलेगी तस्वीर
मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शहर में आवागमन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर बनाने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। मऊ में विकास की रफ्तार आने वाले समय में और तेज होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों को आधुनिक एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने का अभियान जारी है। इसी क्रम में मऊ के प्रमुख चौराहों और प्रवेश मार्गों को भी आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। विकास कार्यों और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से मऊ के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।