मऊ :
शिक्षक सम्मान समारोह में बोले मंत्री ए.के. शर्मा “अब कट्टे की नहीं,कंप्यूटर की जरूरत”।।
।। देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ : शिक्षकों के सम्मान को बताया राष्ट्र निर्माण की शक्ति का सम्मान, शिक्षा और तकनीक के जरिए नई पहचान बनाने का आह्वान
विस्तार :
शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ, शाखा दोहरीघाट, मऊ की ओर से आयोजित शैक्षिक संगोष्ठी एवं शिक्षक सम्मान समारोह में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने शिक्षकों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार, सोच और भविष्य को दिशा देते हैं। इसलिए शिक्षक सम्मान वास्तव में राष्ट्र निर्माण की शक्ति का सम्मान है।
अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए मंत्री ने बताया कि कक्षा नौवीं और दसवीं की पढ़ाई के दौरान डीएवी, मऊ में उन्हें गुरुजनों से मिले संस्कार और मार्गदर्शन आज भी प्रेरणा देते हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान भी उन्हें विद्वान शिक्षकों का सान्निध्य मिला। उन्होंने कहा कि जीवन में मिली उपलब्धियों में माता-पिता के साथ गुरुजनों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
“मऊ को कट्टे की नहीं, कंप्यूटर की जरूरत”
मऊ के बदलते स्वरूप का उल्लेख करते हुए ए.के. शर्मा ने कहा कि जनपद को अब नई पहचान और नई दिशा की जरूरत है। उन्होंने कहा, “अब मऊ में कट्टे की नहीं, कंप्यूटर की जरूरत है। हिंसा की नहीं, शिक्षा और तकनीक की जरूरत है।” उन्होंने कहा कि मऊ के बच्चों के हाथों में किताब, कंप्यूटर और आधुनिक तकनीक होनी चाहिए, जिससे वे देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। शिक्षा और तकनीक के माध्यम से युवा नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं।
बेटियों की शिक्षा को बताया उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति समाज में सकारात्मक बदलाव आया है। आज बेटियां रक्षा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, शिक्षा, प्रशासन और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश का गौरव बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर और बेहतर शिक्षा देना देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। मिशन कायाकल्प, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का विकास, शिक्षामित्रों एवं रसोइयों के मानदेय में वृद्धि तथा शिक्षकों के आयुष्मान कार्ड जैसी पहलों को उन्होंने शिक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
मंत्री ने बताया कि मऊ के प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में फर्नीचर व अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ विद्यालयों के कायाकल्प का कार्य सीएसआर के माध्यम से कराया गया है। उन्होंने विद्यालयों में बेहतर वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी, पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीमती नूपुर अग्रवाल, श्री कृष्णानंद राय सहित अनेक सम्मानित अतिथि, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह में शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
