बुधवार, 9 सितंबर 2026

लखनऊ :मऊ रेलवे क्रॉसिंग बनी जाम का सबब, फाटक बंद होते ही थम जाता है यातायात।||Lucknow:The Mau railway crossing has become a source of traffic jams; traffic stops as soon as the gate closes.||

शेयर करें:
लखनऊ :
मऊ रेलवे क्रॉसिंग बनी जाम का सबब, फाटक बंद होते ही थम जाता है यातायात।
●ट्रेन गुजरने के बाद भी देर तक नहीं खुलता फाटक।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कस्बा
 मोहनलालगंज की मऊ रेलवे क्रॉसिंग राहगीरों और वाहन सवारों के लिए लगातार परेशानी का सबब बनी हुई है। क्रॉसिंग का फाटक बार-बार लंबे समय तक बंद रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और देखते ही देखते जाम मुख्य मार्ग तक पहुंच जाता है। 
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को
मोहनलालगंज कस्बा के गोसाईगंज मार्ग
 मऊ रेलवे क्रॉसिंग कई बार आधे घंटे से अधिक समय तक बंद रही, जिससे राहगीरों को भीषण गर्मी और उमस में जाम के बीच फंसकर परेशान होना पड़ा।
फाटक बंद होते ही क्रॉसिंग के दोनों ओर दोपहिया, चारपहिया और बड़े वाहनों की कतार लग गई। वाहनों का दबाव बढ़ने से गोसाईंगंज-मोहनलालगंज मार्ग पर भी यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा। कई वाहन सवारों को जाम खुलने का इंतजार करते हुए सड़क किनारे खड़े रहना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मऊ रेलवे क्रॉसिंग मोहनलालगंज कस्बे और आसपास के दर्जनों गांवों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से गोसाईंगंज, मोहनलालगंज और लखनऊ की ओर आते-जाते हैं। ऐसे में क्रॉसिंग के लंबे समय तक बंद रहने से आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
लोगों के मुताबिक ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होना स्वाभाविक है, लेकिन कई बार ट्रेन निकलने के बाद भी काफी देर तक फाटक नहीं खुलता। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जाती है और कुछ ही देर में जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है।
●कब मिलेगी जाम से निजात?
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्रॉसिंग पर ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। बार-बार लगने वाले जाम से स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
लोगों ने रेलवे और संबंधित प्रशासन से क्रॉसिंग पर फाटक बंद रहने की व्यवस्था की समीक्षा करने, अनावश्यक विलंब पर अंकुश लगाने तथा स्थायी यातायात समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। जनता का सवाल है कि आखिर कब तक मऊ रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होते ही यातायात व्यवस्था ठप होती रहेगी?