गुरुवार, 10 सितंबर 2026

लखनऊ :तेलीबाग में मनबढ़ों ने युवक को पीटकर किया घायल,एक आरोपी को भीड़ ने दबोचा; पुलिस को सौपा।||Lucknow:Hooligans beat and injured a youth in Telibagh; a mob apprehended one of the accused and handed him over to the police.||

शेयर करें:
लखनऊ :
तेलीबाग में मनबढ़ों ने युवक को पीटकर किया घायल,एक आरोपी को भीड़ ने दबोचा; पुलिस को सौपा।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र की तेलीबाग पुलिस चौकी के अंतर्गत वृंदावन योजना सेक्टर-5 स्थित पण्डित होटल के पास बुधवार शाम पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि कुछ मनबढ़ युवकों ने राजा नामक युवक की लात-घूंसों से पिटाई कर उसे घायल कर दिया। सरेराह मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बवाल बढ़ता देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए। भीड़ को आता देख मारपीट में शामिल युवक भागने लगे, लेकिन लोगों ने एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल युवक और पकड़े गए आरोपी को चौकी ले गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ शुरू कर दी गई।
विस्तार :
जानकारी के मुताबिक थाना पीजीआई क्षेत्र रमजान नगर, तेलीबाग निवासी राजा बुधवार शाम घर से कुछ दूरी पर पण्डित होटल के पास गया था। इसी दौरान हरिकंशगढ़ी, मोहनलालगंज निवासी अक्षय पुत्र राजेन्द्र अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मारपीट के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही कुछ आरोपी वहां से भाग निकले, जबकि एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर चौकी पहुंची और घायल राजा को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
वहीं, सूत्रों के हवाले से आरोप है कि आरोपी पक्ष से जुड़े लोग सेक्टर-6 में नहर किनारे कथित रूप से अवैध तरीके से सुअर के मांस का कारोबार करते हैं और इसी कारोबार से जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। हालांकि, इस आरोप की पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि वृंदावन योजना सेक्टर-5 में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट की घटना के बाद जुटी भीड़ कावीडियो।