लखनऊ :
बंद मकानों से लाखों की चोरी करने दो शातिर युवक गिरफ्तार,माल बरामद।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना गाजीपुर क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का गाजीपुर पुलिस और क्राइम टीम पूर्वी जोन ने पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 लाख 11 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों की निशानदेही और पूछताछ में गाजीपुर व इन्दिरानगर थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की तीन वारदातों का खुलासा हुआ है। घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक आरोपी मोटरसाइकिल से इलाके में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। मकान बंद और आसपास सन्नाटा मिलने पर मौका देखकर ताला या दरवाजा तोड़कर घर में घुसते और नकदी व कीमती सामान पर हाथ साफ कर देते थे। चोरी का माल बेचने के बाद मिली रकम को आपस में बांट लेते थे।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी।।
गाजीपुर क्षेत्र में बंद मकानों में लगातार हो रही चोरी के खुलासे के लिए पुलिस और क्राइम टीम पूर्वी जोन तकनीकी एवं मानवीय सूचना तंत्र के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को टीम मुंशीपुलिया क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल दो संदिग्ध सेक्टर-17, कुकरैल जंगल गेट के पास मोटरसाइकिल से अपने साथियों का इंतजार कर रहे हैं।
पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान श्याम सुन्दर उर्फ गोलू (24) निवासी कठौता, विभूतिखंड, लखनऊ और मो. शमीम (36) निवासी बाराबंकी, हाल पता निशातगंज, लखनऊ के रूप में हुई।
2.11 लाख रुपये बरामद।
जामा तलाशी में दोनों के कब्जे से 2,11,800 रुपए नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने अलग-अलग दिनों में बंद मकानों में चोरी करने और चोरी का सामान बेचकर रकम हासिल करने की बात पुलिस को बताई। पुलिस के अनुसार दोनों का संबंध गाजीपुर और इन्दिरानगर में दर्ज चोरी के मुकदमों से भी सामने आया है।
तीन चोरी की वारदातों का खुलासा।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी से गाजीपुर थाने के मुकदमा संख्या 269/2026 और 273/2026 तथा इन्दिरानगर थाने के मुकदमा संख्या 197/2026 का अनावरण हुआ है।
श्याम सुन्दर पर 17, शमीम पर 7 मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार श्याम सुन्दर उर्फ गोलू का आपराधिक इतिहास लंबा है और उसके खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में 17 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, नकबजनी और चोरी का माल रखने से संबंधित मामले शामिल हैं। वहीं मो. शमीम के खिलाफ 7 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है, जिसमें चोरी के साथ आर्म्स एक्ट का मामला भी शामिल है।
मोटरसाइकिल भी सीज
आरोपियों के कब्जे से बरामद लाल-काली रंग की Super Splendor मोटरसाइकिल UP32 KT 3978 के वैध अभिलेख प्रस्तुत न कर पाने पर पुलिस ने वाहन को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
गाजीपुर पुलिस के साथ क्राइम टीम पूर्वी जोन की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य थाना क्षेत्रों और जनपदों में आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
