लखनऊ :
चोरी की बाइक को काटकर बेचने वाले तीन शातिर युवक गिरफ्तार, पार्ट्स व HSRP नंबर प्लेट बरामद।।
दो टूक : लखनऊ के थाना गुडम्बा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की गई पैशन प्रो मोटरसाइकिल के पार्ट्स, एलाय व्हील, टायर और HSRP नंबर प्लेट बरामद की है। आरोपित बाइक को खोलकर उसके पार्ट्स अलग कर बेचने की तैयारी में थे।
विस्तार :
थाना गुडम्बा इंस्पेक्टर के अनुसार बीते 31 अगस्त को राकेश कुमार कश्यप ने अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP32FD1363 Passion Pro चोरी होने की रिपोर्ट गुडम्बा थाने में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को कुकरैल जंगल रोड पर तीन संदिग्धों के मौजूद होने की जानकारी मिली।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अमन, अमित और अतीक को पकड़ लिया। पूछताछ में अमन और अमित ने बताया कि उन्होंने 30 अगस्त को जानकीपुरम क्षेत्र में पार्क के पास खड़ी लाल रंग की पैशन प्रो चोरी की थी और उसे अतीक को 4 हजार रुपये में बेच दिया था।
पुलिस के अनुसार, अतीक ने बाइक को कुकरैल जंगल रोड के पास खोलकर उसके पार्ट्स अलग कर दिए थे। कुछ सामान कबाड़ी को बेच दिया गया था, जबकि शेष पार्ट्स को काटकर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर बाइक के दो पार्ट्स, चेसिस नंबर MBLHA10AWDHK05996, दो एलाय व्हील मय टायर और HSRP नंबर प्लेट बरामद की। इसके अलावा अतीक के पास से आरी, हैक्सा ब्लेड और एक अतिरिक्त ब्लेड भी मिला।
तीनों आरोपितों को 6 सितंबर की रात करीब 10:40 बजे कुकरैल जंगल रोड से गिरफ्तार किया गया। मामले में धारा 303(2)/317(2)/317(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपितों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
