गौतमबुद्धनगर: विकसित भारत क्विज से शुरू होगा युवा नेतृत्व का सफर, गौतमबुद्धनगर में पोस्टर का शुभारंभ!!
15 से 29 वर्ष के युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में प्रतिभा दिखाने का मिलेगा अवसर
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 08 सितंबर 2026। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 के तहत युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने का अवसर देने के लिए विकसित भारत क्विज की शुरुआत हो गई है। इसी क्रम में क्विज के व्यापक प्रचार-प्रसार और जिले के अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को गौतमबुद्धनगर में जिला स्तरीय पोस्टर का शुभारंभ किया गया।
जिला स्तरीय पोस्टर का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) शव्या गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.एम. मणि त्रिपाठी तथा उप निदेशक, MY Bharat शिवेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कहा कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 देश के युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है। इसके माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को लेकर अपने विचार और दृष्टिकोण देश के सामने रख सकेंगे।
30 सितंबर तक कर सकते हैं विकसित भारत क्विज में पंजीकरण
विकसित भारत क्विज का आयोजन MY Bharat पोर्टल पर 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। क्विज के बाद प्रतिभागियों के लिए निबंध चुनौती, जिला चैंपियनशिप तथा राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश स्तर पर चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
VBYLD-2027 के अंतर्गत युवाओं के लिए विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज और यूथ पार्लियामेंट समेत छह प्रमुख ट्रैक निर्धारित किए गए हैं। इन विभिन्न ट्रैक के माध्यम से युवा अपनी रुचि, प्रतिभा और रचनात्मक सोच के अनुरूप राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकेंगे।
राष्ट्रीय मंच पर विचार रखने का मिलेगा अवसर
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में भाग लेने का अवसर मिलेगा। यहां चयनित युवा देश के नीति निर्माताओं के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत कर सकेंगे। साथ ही उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष भी विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने विचार साझा करने का अवसर प्राप्त होगा।
शिक्षण संस्थानों के युवाओं से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
MY Bharat, गौतमबुद्धनगर की ओर से जिले के सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत युवाओं से विकसित भारत क्विज में अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराने की अपील की गई है। अधिकारियों ने युवाओं से इस राष्ट्रव्यापी युवा नेतृत्व अभियान से जुड़कर अपनी प्रतिभा, विचार और नवाचार को नई पहचान देने का आह्वान किया।
यह अभियान युवाओं को केवल प्रतियोगिता का मंच ही नहीं देगा, बल्कि उन्हें नेतृत्व, रचनात्मकता, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण के व्यापक अवसरों से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।।
