बुधवार, 23 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नशे को ना कहकर विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनें युवा : पंकज सिंह

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नशे को ना कहकर विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनें युवा : पंकज सिंह

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। सेवा संकल्प अभियान के तहत MY Bharat, गौतमबुद्धनगर की ओर से बुधवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नोएडा में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में नोएडा विधायक पंकज सिंह मुख्य अतिथि तथा नोएडा महानगर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान अतिथियों ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए ‘नशे को ना’ कहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और नशामुक्त युवा शक्ति ही विकसित भारत के संकल्प को मजबूती दे सकती है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए 100 सप्ताह के ‘नशा मुक्त युवा—विकसित भारत’ संकल्प अभियान के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं को VBYLD 2027, MY Bharat की विभिन्न युवा-केंद्रित पहलों और सरकार के जनकल्याणकारी अभियानों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

युवाओं को ‘वोकल फॉर लोकल’, मतदाता जागरूकता, सड़क सुरक्षा और टीबी मुक्त भारत सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अभियानों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता के साथ जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

इस अवसर पर LDM राम विनोद कुमार, टीबी सेल से अंबुज पांडेय, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. अनीता निशा, MY Bharat के उप निदेशक शिवेंद्र सिंह तथा NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ममता गौतम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

जिले के कई संस्थानों में होंगे युवा कनेक्ट कार्यक्रम

MY Bharat की ओर से आने वाले दिनों में जिले के अन्य प्रमुख शिक्षण संस्थानों में भी ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जेपी इंस्टीट्यूट नोएडा, IILM विश्वविद्यालय, द्रोणाचार्य ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, KCC इंस्टीट्यूट और गलगोटियास विश्वविद्यालय सहित अन्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शामिल हैं।

इससे पहले मिहिर भोज कॉलेज, दादरी और शारदा विश्वविद्यालय में भी युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने, राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने, VBYLD 2027 में भागीदारी करने तथा सरकार की युवा-केंद्रित योजनाओं एवं अभियानों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।।