मंगलवार, 8 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: निमी बिहार में छठ पूजा महोत्सव की तैयारियों को लेकर समिति का गठन, संतोष कुमार बने अध्यक्ष!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: निमी बिहार में छठ पूजा महोत्सव की तैयारियों को लेकर समिति का गठन, संतोष कुमार बने अध्यक्ष!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-89 स्थित निमी बिहार में आगामी छठ पूजा महोत्सव को भव्य, व्यवस्थित एवं कुशल प्रबंधन के साथ आयोजित करने को लेकर स्थानीय निवासियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निमी बिहार के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और छठ पूजा महोत्सव को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के साथ-साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से निमी बिहार छठ पूजा समिति का गठन किया गया। समिति के पदाधिकारियों का चयन आपसी सहमति से किया गया। इसमें संतोष कुमार को अध्यक्ष, चंदन कुमार को उपाध्यक्ष, विनोद कुमार दुबे को सचिव, विवेकानंद सिंह को सह सचिव, कृपाल कुमार को कोषाध्यक्ष तथा जितेंद्र को उप कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इसके अलावा कुणाल, रमेश राय और राकेश प्रकाश शुक्ला को समिति का सदस्य नियुक्त किया गया, जबकि डॉ. विश्वनाथ मिश्रा को वरिष्ठ सलाहकार की जिम्मेदारी दी गई। समिति के गठन के बाद उपस्थित लोगों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि छठ पूजा महोत्सव हमारी आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। समिति का प्रयास रहेगा कि निमी बिहार में छठ पूजा का आयोजन श्रद्धा, भव्यता और सुव्यवस्थित तरीके से कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि निमी बिहार छठ पूजा समिति का उद्देश्य केवल छठ पूजा महोत्सव का आयोजन करना ही नहीं है, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक, सांस्कृतिक, समाजसेवा एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को भी निरंतर बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि समिति स्थानीय लोगों के सहयोग और सहभागिता से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाएगी।

उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा, पूजा स्थल की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। समिति का प्रयास रहेगा कि आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो और निमी बिहार में छठ पूजा महोत्सव आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता एवं सौहार्द के संदेश के साथ संपन्न हो।

बैठक में मौजूद लोगों ने समिति के गठन का स्वागत करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से छठ पूजा महोत्सव को यादगार बनाया जाएगा। समिति ने क्षेत्रवासियों से आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता की अपील भी की।