मंगलवार, 8 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-150 के फ्लैट में दो लाख की चोरी का खुलासा, नॉलेज पार्क पुलिस ने आरोपी को दबोचा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-150 के फ्लैट में दो लाख की चोरी का खुलासा, नॉलेज पार्क पुलिस ने आरोपी को दबोचा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

चोरी के 57 हजार रुपये नकद और .315 बोर का तमंचा बरामद, बाकी रकम मौज-शौक में उड़ाने की बात कबूली

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने सेक्टर-150 स्थित एक सोसाइटी के फ्लैट में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में बचे 57 हजार रुपये नकद और .315 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फ्लैट की रसोई का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया था और करीब दो लाख रुपये की नकदी चोरी की थी।

पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय उर्फ बली पुत्र शंकर को ग्राम मोमनाथल की तरफ जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के 57 हजार रुपये नकद और एक .315 बोर का तमंचा बरामद हुआ।

रसोई का शीशा तोड़कर फ्लैट में घुसा था आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपी ने 22 अगस्त 2026 को सेक्टर-150 नोएडा स्थित एक सोसाइटी के फ्लैट को निशाना बनाया था। आरोपी ने फ्लैट के रसोईघर का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब दो लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गया था। घटना के संबंध में थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके पास से बरामद 57 हजार रुपये चोरी की रकम में से बचे हुए हैं। आरोपी के अनुसार चोरी किए गए बाकी रुपये उसने अपने व्यक्तिगत खर्च और मौज-शौक में खर्च कर दिए। वहीं, तमंचा रखने के संबंध में उसने बताया कि वह इसका इस्तेमाल लोगों को डराने के उद्देश्य से करता था।

19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय उर्फ बली पुत्र शंकर, निवासी ग्राम हीरापुर, थाना सहावर, जनपद कासगंज, हाल निवासी ग्राम नवादा, थाना नॉलेज पार्क, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 19 वर्ष है।

दो मुकदमे दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में दो मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें मु0अ0सं0 203/2026, धारा 305, 331(4), 317(2) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 221/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट शामिल है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 57 हजार रुपये नकद और .315 बोर का एक तमंचा बरामद किया है। पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।।