गोण्डा- आगामी कजरीतीज पर्व को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा प्रमुख शिवालयों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी दयानन्द प्रसाद, मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा जितेंद्र गौतम तथा जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने दुःखहरण नाथ मंदिर, शहर गोण्डा तथा पृथ्वीनाथ मंदिर, खरगूपुर पहुंचकर मंदिर प्रांगण एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मौके पर चल रही व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, आवागमन, सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कजरीतीज पर्व के दौरान शिवालयों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिरों एवं शिवालयों में पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरयू घाट करनैलगंज से पृथ्वीनाथ मंदिर खरगूपुर तथा सरयू घाट करनैलगंज से दुःखहरण नाथ मंदिर, शहर गोण्डा तक मार्ग के किनारे विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं रूट डायवर्जन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। साथ ही पर्याप्त संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाए।
जिलाधिकारी ने विभिन्न स्थानों पर मेडिकल कैम्प स्थापित करने, पर्याप्त पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर व्यवस्थित करने तथा प्रमुख स्थानों पर कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, यातायात व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कजरीतीज जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता कदापि क्षम्य नहीं होगी।
