गोण्डा- जिला पंचायत सभागार में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आज खास कार्यक्रम आयोजित हुवा। मुख्यमंत्री उप्र का राजकीय इंटर कॉलेज, अयोध्या के मैदान में आयोजित कार्यक्रम को सजीव प्रसारण के माध्यम से यहां पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं तथा अन्य लोगों ने देखा। इसके साथ ही जिले की सभी तहसीलों के मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम आयोजित कर लाइव प्रसारण कार्यक्रम को दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने सहभागिता करते हुए मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय को बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मानदेय को बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की घोषणा की। घोषणा होते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने इस निर्णय को अपने कार्य, दायित्व एवं सेवाओं के प्रति सरकार की सकारात्मक एवं सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। कुपोषण की रोकथाम तथा पोषण अभियान को प्रभावी बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अधिकारियों ने कार्यकत्रियों से बच्चों का नियमित वजन कराने, कुपोषित बच्चों की पहचान एवं निगरानी, पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पोषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कुपोषित से सामान्य श्रेणी में आने वाले बच्चों एवं माताओं को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से कुपोषण के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक सदर गोण्डा प्रतीक भूषण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि कैसरगंज संजीव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा, सीडीपीओ आनंद प्रकाश श्रीवास्तव एवं नीतू रावत, ज्ञानशरण, सुपरवाइजर लक्ष्मी यादव, प्रियंका वर्मा, दिव्या पाठक, अनुष्मा तिवारी, नेहा परवीन, सुशीला सिंह, शिवांगी, मोनिका नायक, जिला समन्वयक पोषण अभियान राजकुमार, समन्वयक इमरान अली, अमित गुप्ता, पिंकी दुबे, विभागीय कर्मचारी शिवपूजन सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।
