गुरुवार, 17 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गौतमबुद्धनगर में गूंजा सेवा का संदेश, जगह-जगह जले ‘आशीर्वाद के दीये’!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गौतमबुद्धनगर में गूंजा सेवा का संदेश, जगह-जगह जले ‘आशीर्वाद के दीये’!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाते हुए गौतमबुद्धनगर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिलेभर में सेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरण से लेकर रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती पर टूल किट वितरण, कृषि गोष्ठी, प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन और विभिन्न स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ।

इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों, किसानों, लाभार्थियों, विद्यार्थियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, विकासखंड कार्यालयों, वृद्धाश्रम और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

जिला अस्पताल में मरीजों को बांटे फल, रक्तदान शिविरों में लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर जिला अस्पताल नोएडा में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। सांसद डॉ. महेश शर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों से मुलाकात की और उन्हें फल वितरित करते हुए शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

इसी क्रम में IMA भवन नोएडा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया। कार्यक्रम में नोएडा विधायक पंकज सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ग्राम बिसरख में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर ने किया, जबकि जेवर में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ विधायक धीरेंद्र सिंह ने किया।

रक्तदान शिविरों में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता और समाज में मानव सेवा का संदेश दिया।

कृषि विज्ञान केंद्र छौलस में किसानों की गोष्ठी, आधुनिक तकनीकों की दी जानकारी

कृषि विज्ञान केंद्र छौलस, दादरी में कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें दादरी विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे सहित कृषि विशेषज्ञ, संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण शामिल हुए।

गोष्ठी में किसानों से कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों, उपयोगी जानकारी तथा विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और किसानों ने दीप जलाकर सेवा, जनकल्याण तथा शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प को मजबूत किया।

वेदवन पार्क में दीप प्रज्ज्वलन, लाभार्थियों को टूल किट भी बांटी

सेक्टर-78 स्थित वेदवन पार्क में नोएडा विधायक पंकज सिंह ने ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्ज्वलित किए। कार्यक्रम में अधिकारियों और आमजन की भी सहभागिता रही। इस दौरान विधायक ने पांच लाभार्थियों को टूल किट वितरित की। इसके साथ ही वेदवन पार्क में प्रदर्शित लेजर शो का जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, लाभार्थियों और आमजन ने अवलोकन किया।

नोएडा प्राधिकरण में भी जले ‘आशीर्वाद के दीये’

सेक्टर-96 स्थित नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के नवीन कार्यालय में भी ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों और आमजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा एवं जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

विश्वकर्मा जयंती पर टूल किट वितरण, स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर

जिला उद्योग केंद्र सूरजपुर में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पात्र लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गईं। कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर मौजूद रहे। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक पंकज निर्वाण सहित संबंधित अधिकारी और लाभार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

टूल किट वितरण के माध्यम से पारंपरिक एवं कौशल आधारित कार्यों को सहयोग देने और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इस दौरान दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा एवं जनकल्याण के संकल्प को दोहराया गया।

वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों के सम्मान और सेवा का संदेश

दनकौर स्थित वृद्धाश्रम में भी ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां दीप प्रज्ज्वलित कर वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, संवेदना और सेवा भावना का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में बुजुर्गों के सम्मान और उनके प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में छात्राओं ने जलाए दीप

कस्तूरबा गांधी विद्यालय दादरी और दनकौर में छात्राओं तथा विद्यालय स्टाफ ने ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में सहभागिता की। छात्राओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सद्भाव और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

सरकारी कार्यालयों से लेकर लाभार्थी परिवारों तक रोशन हुए दीप

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शासकीय भवनों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, शिक्षण संस्थानों, विकासखंड कार्यालयों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों और प्रमुख मंदिरों सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के परिवारों ने भी अपने घरों पर ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाया। इससे सरकारी संस्थानों के साथ आमजन और लाभार्थी परिवारों की सहभागिता भी अभियान से जुड़ी।

ग्राम ततारपुर में प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड बिसरख के ग्राम ततारपुर में प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन दादरी विधायक तेजपाल नागर ने किया। इस पहल के माध्यम से स्थानीय स्तर पर महिला समूहों और ग्रामीण क्षेत्र में संचालित गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के साथ सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों ने जिले में सेवा, जनकल्याण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत किया। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों, किसानों, लाभार्थियों, विद्यार्थियों और आमजन की सामूहिक भागीदारी से प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित सेवा दिवस के कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी मिली।।