सोमवार, 7 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं, बड़े आंदोलन की तैयारी करें कार्यकर्ता: बीसी प्रधान

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं, बड़े आंदोलन की तैयारी करें कार्यकर्ता: बीसी प्रधान

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

भाकियू लोकशक्ति की मासिक बैठक में संगठन को गांव-गांव मजबूत करने का आह्वान, 12-13 सितंबर के बनारस शिविर में अधिक से अधिक किसानों से पहुंचने की अपील

दो टूक//नोएडा। ग्राम बरौला में भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं, संगठन को मजबूत करने और आगामी आंदोलन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और किसानों ने एकजुट होकर किसान हितों के लिए संघर्ष को और तेज करने का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता हाजी मुंत्याज ने की, जबकि संचालन महानगर उपाध्यक्ष (युवा) अरूण गौतम ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष और आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान केवल आश्वासनों से नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई से होना चाहिए।

बीसी प्रधान ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उसके हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति लगातार किसानों की आवाज को मजबूती से उठाने का काम कर रही है। किसान चाहे किसी भी समस्या से जूझ रहा हो, संगठन उसके साथ खड़ा है और आगे भी किसानों के अधिकारों एवं उनकी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाए। इसके लिए पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क करें, उनकी समस्याओं को समझें और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि किसानों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और जब किसान संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करेगा तो सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना पड़ेगा।

चौधरी बीसी प्रधान ने आगामी 12 और 13 सितंबर को बनारस में आयोजित होने वाले संगठन के शिविर में अधिक से अधिक किसानों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस शिविर में संगठन की आगामी रणनीति और किसान हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारी में जुटने और अधिक से अधिक किसानों को शिविर से जोड़ने की अपील की।

बैठक में पदाधिकारियों ने भी किसानों से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और संगठन को मजबूत करने के लिए अपने सुझाव रखे। सभी ने किसान हितों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की बात कही।

इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष शिवकुमार बैसोया, महानगर अध्यक्ष हरेन्द्र सिंह, युवा अध्यक्ष राजकुमार मोनू, बबलू यादव, चौधरी सुमरपाल, मेहरदीन, महेश बैसोया, सुनील बैसोया, प्रमोद प्रजापति, जयसिंह, जीत सिंह, रोहित अवाना, धर्मेन्द्र बैसोया, रांकी बैसोया, कुलजीत और अजय नागर, दीपक जाटव सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।।