अम्बेडकर नगर :
बारिश एवं तेज हवा से गिरे पेड़ों को तत्काल हटवाने में जुटा जिला प्रशासन।
।।ए के चतुर्वेदी।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर जनपद में लगातार हो रही बारिश एवं तेज हवाओं के कारण विभिन्न स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जनसुरक्षा एवं आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए त्वरित कार्रवाई की जा रही है।जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देशानुसार संबंधित उपजिलाधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है तथा सड़कों एवं आवागमन वाले मार्गों पर गिरे पेड़ों को तत्काल हटवाने की कार्रवाई कराई जा रही है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर सक्रिय रखते हुए मार्गों को यथाशीघ्र सुचारु कराया जा रहा है।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि लगातार हो रही बारिश एवं तेज हवाओं के दृष्टिगत अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रखें तथा कहीं भी पेड़ गिरने, जलभराव अथवा आवागमन बाधित होने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
