अम्बेडकर नगर :
हिन्दी दिवस पर छात्राओं ने रखे विचार, भाषण प्रतियोगिता में स्वाति पाण्डेय ने हासिल किया प्रथम स्थान।
दो टूक : रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अकबरपुर में हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में हिन्दी विभाग के तत्वावधान में “वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में हिन्दी की दशा और दिशा” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए हिन्दी भाषा की वर्तमान प्रासंगिकता, महत्व और विभिन्न क्षेत्रों में उसकी उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए।
विस्तार :
अम्बेडकर नगर जनपद के अकबरपुर मे स्थित राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के संरक्षक एवं प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार वर्मा सहित समस्त प्राध्यापकों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया।
भाषण प्रतियोगिता में बीएससी प्रथम वर्ष की स्वाति पाण्डेय ने प्रथम, एमए प्रथम वर्ष की मानसी वर्मा ने द्वितीय तथा बीए प्रथम वर्ष की प्रीति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में प्रो. नंदन सिंह, डॉ. विद्याधर मिश्र एवं डॉ. संगीता शामिल रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं इतिहास विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रवीन्द्र कुमार वर्मा ने हिन्दी में रोजगार के अवसरों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिन्दी के माध्यम से शिक्षण, पत्रकारिता, अनुवाद, लेखन, डिजिटल मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
समाजशास्त्र विभाग की प्राध्यापिका सीता पाण्डेय ने भी हिन्दी की वैश्विक प्रासंगिकता और उपयोगिता पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि वैश्वीकरण के दौर में हिन्दी का निरंतर विस्तार हो रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में इसका महत्व बढ़ रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार वर्मा ने हिन्दी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को हिन्दी के अध्ययन के साथ रोजगारपरक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन हिन्दी विभाग की प्राध्यापक डॉ. बीना यादव ने किया। हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. अरुण कुमार ने कार्यक्रम के अंत में सभी प्राध्यापकों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रो. अरुण कान्त गौतम, सीमा यादव, डॉ. स्तुति वर्मा, डॉ. महेन्द्र यादव, डॉ. सतीश, डॉ. भानु प्रताप राय, डॉ. वैलेंतिना प्रिया, डॉ. सुनीता सिंह, डॉ. मनोज गुप्ता सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्राएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में हिन्दी भाषा के प्रति रुचि एवं सम्मान विकसित करने के साथ-साथ हिन्दी की समकालीन उपयोगिता और रोजगार की संभावनाओं के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
