अम्बेडकर नगर :
स्कूल से लापता दो नाबालिगों को पुलिस ने लखनऊ से खोज निकाला।
।।ए के चतुर्वेदी।।
दो टूक : अंबेडकरनगर जनपद के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र से स्कूल जाने के बाद लापता हुए दो नाबालिग बच्चों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लखनऊ से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों बच्चों के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश तेज कर दी और लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए बच्चों तक पहुंच गई।
पुलिस के मुताबिक विजय कुमार वर्मा निवासी जगन्नाथपुर भारीडीहा, थाना इब्राहिमपुर ने अपने 16 वर्षीय पुत्र सूर्यांश वर्मा और उसके 15 वर्षीय मित्र अनमोल राना के आरकेएन पब्लिक स्कूल, हाशिमगढ़, क्षितुनी, अकबरपुर से कहीं चले जाने की तहरीर दी थी। मामले में कोतवाली अकबरपुर में मु0अ0सं0 523/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
दोनों नाबालिगों की बरामदगी को लेकर पुलिस ने तत्काल टीम गठित की। मुकदमे के विवेचक उपनिरीक्षक राम प्रताप वर्मा के नेतृत्व में कांस्टेबल राम नरेश भारद्वाज, अभिषेक त्रिपाठी और धनंजय यादव ने लगातार संभावित स्थानों पर तलाश और सुरागरसी शुरू की।
पुलिस टीम की सक्रियता और लगातार किए गए प्रयासों का नतीजा रहा कि दोनों नाबालिगों को लखनऊ के शहीद पथ के पास खरगापुर से सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चों के सकुशल मिलने की खबर पहुंचते ही परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस द्वारा दोनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किए जाने के लिए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अकबरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज तलाश ही नहीं, बल्कि दो परिवारों की चिंता भी खत्म हुई।
