मंगलवार, 8 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: बादलपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गैंग का किया पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार; 14 दोपहिया वाहन और अवैध हथियार बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बादलपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गैंग का किया पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार; 14 दोपहिया वाहन और अवैध हथियार बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना बादलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोपहिया वाहन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी कब्जे और निशानदेही से चोरी की 13 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की कई घटनाओं के खुलासे की उम्मीद है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार 8 सितंबर 2026 को थाना बादलपुर पुलिस को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर वाहन चोरी करने वाले गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 प्रतिशत आबादी के पास से सैफ अली और शादाब को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैफ अली पुत्र जाहिद अली, निवासी ग्राम प्यावली, थाना जारचा, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 28 वर्ष और शादाब पुत्र आशिक अली, निवासी चांद मोहल्ला, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 27 वर्ष के रूप में हुई है।

रेकी कर चोरी करते थे वाहन

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले मोटरसाइकिल और स्कूटी की रेकी करते थे और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए वाहनों को सुनसान खाली प्लॉट में छिपाकर रखा जाता था। इसके बाद दोनों आरोपी चोरी के वाहनों को सस्ते दामों पर राहगीरों को बेच देते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में सैफ अली मैकेनिक का काम करता है, जबकि शादाब कबाड़ खरीदने का कार्य करता है। चोरी के वाहनों को बेचकर मिलने वाली रकम को दोनों आपस में बांट लेते थे और उसे निजी खर्च तथा मौज-मस्ती में इस्तेमाल करते थे।

14 दोपहिया वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से कुल 14 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें हीरो स्प्लेंडर प्लस, हीरो पैशन प्रो, बजाज प्लेटिना, हीरो एचएफ डीलक्स, टीवीएस रेडियन सहित अन्य मोटरसाइकिलें और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी शामिल है। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं।

बरामद वाहनों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के पंजीकरण नंबर वाले वाहन शामिल हैं, जिससे पुलिस की जांच में गिरोह के अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय होने की बात सामने आई है।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। आरोपियों के खिलाफ थाना बादलपुर, थाना दादरी, थाना शालीमार गार्डन गाजियाबाद और दिल्ली के थाना फतेहपुर बेरी में वाहन चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।

बादलपुर पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में उनके वास्तविक मालिकों और पूर्व में दर्ज मुकदमों का सत्यापन करने के साथ-साथ गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुटी है।।