मंगलवार, 8 सितंबर 2026

अम्बेडकर नगर : 18 रुपये किलो मिलेगी चीनी,10 से 25 सितंबर तक राशन वितरण।।||Ambedkar Nagar: Sugar will be available at Rs. 18 per kg, ration distribution from September 10th to 25th.||

शेयर करें:
अम्बेडकर नगर : 
18 रुपये किलो मिलेगी चीनी,10 से 25 सितंबर तक राशन वितरण।।
।।ए के चतुर्वेदी।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत सितंबर माह के राशन वितरण को लेकर जिला पूर्ति विभाग ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिले में 10 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक उचित दर की दुकानों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार अन्त्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किलोग्राम खाद्यान्न दिया जाएगा। इसमें 14 किलोग्राम गेहूं और 21 किलोग्राम चावल शामिल है। वहीं, पात्र गृहस्थी राशनकार्ड धारकों को प्रति यूनिट 2 किलोग्राम गेहूं और 3 किलोग्राम चावल, यानी कुल 5 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क मिलेगा।
अन्त्योदय कार्डधारकों को 54 रुपये में 3 किलो चीनी।
दूसरी तिमाही जुलाई से सितंबर 2026 के सापेक्ष अन्त्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड तीन किलोग्राम चीनी उपलब्ध कराई जाएगी। चीनी की दर 18 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित है। इस हिसाब से तीन किलो चीनी के लिए लाभार्थी को 54 रुपये देने होंगे।
◆ई-पॉस मशीन से होगा वितरण।
खाद्यान्न और चीनी का वितरण ई-वेइंग लिंक्ड ई-पॉस मशीन के माध्यम से किया जाएगा। वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए पर्यवेक्षणीय अधिकारियों, नोडल अधिकारियों और जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी भ्रमणशील रहकर राशन वितरण की सतत निगरानी करेंगे। वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।