मंगलवार, 15 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-58 में वाहन चोरी का खुलासा: स्कॉर्पियो समेत वाहन चोर गिरफ्तार, दो बाल अपचारी संरक्षण में—अवैध चाकू बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-58 में वाहन चोरी का खुलासा: स्कॉर्पियो समेत वाहन चोर गिरफ्तार, दो बाल अपचारी संरक्षण में—अवैध चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ शामिल दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई एक स्कॉर्पियो कार और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद वाहन चोरी करने वाले गिरोह में हड़कंप मचा है।

पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर 2026 की रात थाना सेक्टर-58 पुलिस टीम पेट्रोल पंप के सामने सेक्टर-57/58 की मध्य सड़क पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर राहुल पुत्र देवेन्द्र को गिरफ्तार किया गया। उसके साथ मौजूद दो बाल अपचारियों को भी पुलिस ने संरक्षण में लिया।

पुलिस ने इनके कब्जे से स्कार्पियो कार नंबर यूपी-16 एफएल-4860 बरामद की। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपी राहुल के पास से एक अवैध चाकू भी मिला है।

पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि राहुल अपने साथियों के साथ मिलकर चार पहिया वाहनों की चोरी करता था। बरामद स्कार्पियो को आरोपियों ने 6 सितंबर 2026 को ग्राम बिशनपुरा, सेक्टर-58 स्थित एल-11 के सामने से चोरी करना स्वीकार किया है। इस मामले में थाना सेक्टर-58 में मुकदमा अपराध संख्या 310/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की भी कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल पुत्र देवेन्द्र, निवासी रावण मंदिर गेट के पास, ग्राम बिसरख, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

बरामदगी: चोरी की स्कार्पियो कार यूपी-16 एफएल-4860 और एक अवैध चाकू।