गौतमबुद्धनगर:‘ऑपरेशन दहन’ का बड़ा प्रहार: गौतमबुद्धनगर में 5.23 करोड़ से अधिक कीमत का 972 किलो मादक पदार्थ नष्ट!!
253 मुकदमों से संबंधित गांजा, चरस, डोडा, कोकीन और एमडीएमए समेत नशीली गोलियों का कराया गया विधिवत विनष्टीकरण
दो टूक//नोएडा। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में बरामद किए गए मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 करोड़ 23 लाख रुपये से अधिक कीमत के 972.283 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण कराया।
माननीय न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में मादक पदार्थों के नियमानुसार निस्तारण के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त नार्कोटिक्स के पर्यवेक्षण में 8 सितंबर 2026 को कमिश्नरेट के छह थानों पर पंजीकृत कुल 253 एनडीपीएस एक्ट के अभियोगों से संबंधित बरामद मादक पदार्थों को अधिकृत एजेंसी के माध्यम से नष्ट कराया गया।
पुलिस के अनुसार विनष्टीकरण किए गए मादक पदार्थों में 907.622 किलोग्राम गांजा, 63.75 किलोग्राम डोडा, 0.552 किलोग्राम चरस, 0.115 किलोग्राम कोकीन, 0.004 किलोग्राम एमडीएमए तथा 240 नशीली टैबलेट शामिल हैं। इन सभी मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 5 करोड़ 23 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
इन थानों से बरामद मादक पदार्थों का हुआ निस्तारण
थाना सेक्टर-39: 15 अभियोगों से संबंधित 24.47 किलोग्राम गांजा, 1.25 किलोग्राम डोडा और 240 ग्राम नशीली टैबलेट का विनष्टीकरण कराया गया।
थाना सेक्टर-126: 30 अभियोगों से संबंधित 67.696 किलोग्राम गांजा, 372 ग्राम चरस, 15 ग्राम कोकीन और 4 ग्राम एमडीएमए नष्ट कराया गया।
थाना सेक्टर-113: 53 अभियोगों से संबंधित 74.135 किलोग्राम गांजा का विधिवत विनष्टीकरण कराया गया।
थाना सेक्टर-63: 57 अभियोगों से संबंधित 108.141 किलोग्राम गांजा नष्ट कराया गया।
थाना बादलपुर: 97 अभियोगों से संबंधित 630.88 किलोग्राम गांजा, 62.5 किलोग्राम डोडा, 180 ग्राम चरस और 100 ग्राम कोकीन का विनष्टीकरण कराया गया।
थाना रबूपुरा: एक अभियोग से संबंधित 2.3 किलोग्राम गांजा का भी विधिवत निस्तारण किया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक न्यायालय के आदेशों के तहत बरामद मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण कराना पुलिस की कार्रवाई का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत की गई इस कार्रवाई से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस की सख्ती साफ नजर आती है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।।
