गौतमबुद्धनगर: शाहबेरी में अवैध पटाखों के गोदाम पर पुलिस की छापेमारी, 3 लाख के पटाखों के साथ आरोपी गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शाहबेरी क्षेत्र में एक अवैध पटाखों के गोदाम पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से करीब तीन लाख रुपये कीमत के अवैध पटाखे बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को थाना बिसरख पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के माध्यम से शाहबेरी क्षेत्र में अवैध पटाखों के भंडारण की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नागौरी-1, बालाजी एन्क्लेव, शाहबेरी में स्थित बताए गए अवैध पटाखों के गोदाम पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से नितिन गर्ग पुत्र मुकेश कुमार गर्ग (उम्र 39 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से जहांगीराबाद, बुलंदशहर का निवासी बताया गया है और वर्तमान में नागौरी-1, बालाजी एन्क्लेव, शाहबेरी में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत के अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखों का भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था और इनके कारोबार में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
थाना बिसरख पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 655/2026, धारा 288 बीएनएस तथा धारा 5/9बी विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन कर पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
