गौतमबुद्धनगर: नोएडा में वाहन चोर गिरोह का बड़ा खुलासा: फेज-2 पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे, 11 चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद!!
दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेज-2 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें, एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण उर्फ लेफ्टी और मोहित के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को थाना फेज-2 पुलिस ने गोपनीय सूचना और स्थानीय इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सेक्टर-88 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा कट के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ और जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 11 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
कॉलोनी, कंपनी एरिया और बाजारों से उड़ाते थे बाइक
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कॉलोनियों, कंपनी एरिया, साप्ताहिक बाजारों और दुकानों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल लूट आदि की वारदातों में भी किया जाता था। इसके अलावा चोरी की बाइक को बेचकर आरोपी आर्थिक लाभ कमाते और उस रकम को मौज-मस्ती में खर्च करते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने पास अवैध हथियार भी रखते थे, ताकि किसी वारदात के दौरान लोगों को डराया-धमकाया जा सके और पुलिस की पकड़ से बचने के लिए भय का माहौल बनाया जा सके।
दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी कृष्ण उर्फ लेफ्टी के खिलाफ नोएडा और दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2018 से लेकर 2026 तक कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इनमें थाना फेज-2 में गैंगस्टर एक्ट, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले भी शामिल हैं।
वहीं, दूसरे आरोपी मोहित के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2024 से 2026 के बीच कुल 7 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
दिल्ली से चोरी हुई बाइक भी बरामद
पुलिस की बरामदगी में शामिल 11 मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस, बजाज प्लेटिना, पैशन प्रो और एचएफ डीलक्स जैसी बाइक शामिल हैं। इनमें कुछ मोटरसाइकिलें दिल्ली के गाजीपुर ईस्ट और अमर कॉलोनी थाना क्षेत्रों से चोरी किए जाने की पुष्टि हुई है। अन्य बरामद वाहनों के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की बिक्री के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।।
