गौतमबुद्धनगर: दादरी में अवैध पटाखों का बड़ा जखीरा पकड़ा, 4 लाख के पटाखों के साथ दो गिरफ्तार!!
बुलेरो पिकअप में लादकर ले जा रहे थे पटाखे, पुलिस ने 20 कार्टून पटाखे किए बरामद
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। अवैध पटाखों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दादरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के करीब 4 लाख रुपये कीमत के 20 कार्टून अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पटाखों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही महेन्द्रा बुलेरो पिकअप गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को थाना दादरी पुलिस ने स्थानीय इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने एनटीपीसी कट, दादरी के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बुलेरो पिकअप को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से विभिन्न कंपनियों के 20 कार्टून पटाखे बरामद हुए। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके से शिवकुमार पुत्र रमेशचन्द, निवासी ग्राम चमनपुरा, थाना सिकन्दराराऊ, जिला हाथरस, वर्तमान निवासी ग्राम अच्छेजा, थाना बादलपुर, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 30 वर्ष तथा रामकुमार पुत्र मानसिंह, निवासी टॉटपुर कर्सरी, थाना सहसवान, जिला बदायूं, वर्तमान निवासी ग्राम अच्छेजा, थाना बादलपुर, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 19 वर्ष को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 20 कार्टून विभिन्न कंपनियों के पटाखे और घटना में प्रयुक्त महेन्द्रा बुलेरो पिकअप वाहन संख्या UP16LT7840 बरामद किया है। मामले में थाना दादरी में मु0अ0सं0 449/2026, धारा 5/9B(1)ख विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। त्योहारी सीजन से पहले हुई इस कार्रवाई को अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।।
