गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-49 में पुलिस की पैदल गश्त, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में अधिकारियों ने क्षेत्र में पैदल गश्त करते हुए संवेदनशील स्थानों, प्रमुख मार्गों और आसपास की गतिविधियों का निरीक्षण किया।
डीसीपी नोएडा श्री साद मिया खान और एडीसीपी नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में एसीपी-3 नोएडा श्री संचित शर्मा ने पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने का संदेश भी दिया।
एसीपी-3 ने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध वाहनों पर विशेष नजर रखी जाए। जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग लगाकर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जाए तथा यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखा जाए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित मौजूदगी सुनिश्चित की जा सके। फुट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर भी नजर रखी।
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से स्पष्ट किया गया कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिस की गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा प्रमुख स्थानों पर निगरानी लगातार जारी रहेगी।।
