गुरुवार, 3 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: बंद पड़े मकानों को बनाते थे निशाना, एसी और लोहे का सामान चुराने वाले गिरोह का बीटा-2 पुलिस ने किया पर्दाफाश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बंद पड़े मकानों को बनाते थे निशाना, एसी और लोहे का सामान चुराने वाले गिरोह का बीटा-2 पुलिस ने किया पर्दाफाश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

रैकी के बाद चोरी की वारदात को देते थे अंजाम, तीन आरोपी गिरफ्तार; एसी आउटडोर, जाली, मोबाइल, मोटर व चोरी में इस्तेमाल औजार बरामद

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो एसी आउटडोर, तीन एसी की जाली, एक इलेक्ट्रिक मोटर, दो मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजारों के साथ एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने 2 सितंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए सेक्टर गामा-1 से तीन आरोपियों गौरव, संजीत और माइकल को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोटरसाइकिल से क्षेत्र में घूमकर बंद पड़े मकानों की रैकी करते थे। मौका मिलने पर मकान में घुसकर एसी, मोबाइल फोन और अन्य लोहे का सामान चोरी कर लेते थे।

मोटरसाइकिल से करते थे रेकी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी एक सक्रिय गिरोह के रूप में काम कर रहे थे। गिरोह के सदस्य पहले मोटरसाइकिल से इलाके की रेकी करते और बंद मकानों को चिन्हित करते थे। इसके बाद मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से प्लास, टेस्टर/पेचकश और सूजा जैसे उपकरण भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल चोरी के दौरान किया जाता था।

पकड़े जाने के डर से आरोपी अपने पास अवैध चाकू भी रखते थे। पुलिस ने बरामद चाकू के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है।

तीनों आरोपियों का विवरण

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव पुत्र प्रकाश निवासी ग्राम साकीपुर, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर, संजीत पुत्र बलवहादुर निवासी सेक्टर गामा-2 तथा माइकल पुत्र बीरवहादुर निवासी सेक्टर गामा-2, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।

चोरी का सामान और औजार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 एसी आउटडोर, 03 एसी की जाली, 01 इलेक्ट्रिक मोटर, 01 मोटरसाइकिल, 02 मोबाइल फोन, 01 प्लास, 01 टेस्टर/पेचकश, 01 सूजा तथा 01 अवैध चाकू बरामद किया है।

थाना बीटा-2 पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 336/2026, धारा 317(5) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह द्वारा की गई अन्य चोरी की वारदातों और उनसे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।