बुधवार, 2 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को मिली बड़ी राहत, बीटा-2 पुलिस ने वापस कराए 8.32 लाख रुपये!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को मिली बड़ी राहत, बीटा-2 पुलिस ने वापस कराए 8.32 लाख रुपये!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के नाम पर पांच बार में खाते से निकाली गई थी 8.32 लाख रुपये की रकम, साइबर टीम की तत्परता से पीड़ित को मिली पूरी धनराशि

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना बीटा-2 की साइबर पुलिस टीम ने एक पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के नाम पर साइबर ठगों द्वारा पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से ट्रांसफर कराई गई 8 लाख 32 हजार 41 रुपये की रकम में से 8 लाख 32 हजार रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित ने थाना बीटा-2 साइबर क्राइम टीम का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।

पुलिस के अनुसार, 27 फरवरी 2026 को शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 19 फरवरी 2026 को ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के नाम पर उनके बैंक खाते से पांच बार में कुल 8,32,041.30 रुपये ट्रांसफर हो गए थे। साइबर ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बीटा-2 पुलिस ने इस संबंध में मु0अ0सं0 0332/2026, धारा 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद थाना बीटा-2 की साइबर क्राइम टीम ने मामले में तेजी से कार्रवाई शुरू करते हुए संबंधित बैंकिंग माध्यमों और संबंधित पक्षों से समन्वय स्थापित किया।

साइबर पुलिस टीम के लगातार प्रयासों और प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप पीड़ित की 8,32,000 रुपये की धनराशि वापस उसके खाते में करा दी गई। रकम वापस मिलने से पीड़ित को बड़ी राहत मिली। पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए पूरी धनराशि वापस कराने के लिए पुलिस का आभार जताया।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की साइबर पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई साइबर अपराध के पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने और ठगी गई धनराशि को वापस कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि ऑनलाइन निवेश, नौकरी, ट्रेडिंग, लोन या किसी अन्य लालच में आकर किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते से धनराशि ट्रांसफर न करें और साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं।।